Pinki Meena Dausa: राजस्थान की भजनलाल सरकार ने प्रशासनिक सेवा के 183 अधिकारियों के तबादले किए हैं. इस तबादला सूची में राजस्थान प्रशासनिक सेवा की अधिकारी पिंकी मीणा का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है. इसकी वजह यह है कि पिंकी मीणा को उसी दौसा जिले में नई पोस्टिंग दी गई है, जहां वे 10 लाख रुपये की रिश्वत लेने के मामले में फंसी थीं. इस मामले में उनकी गिरफ्तारी हुई थी, उन्हें जेल जाना पड़ा था और उन्होंने पांच साल का निलंबन भी झेला. अब निलंबन के बाद उनकी तैनाती दोबारा उसी जिले में की गई है.
सवाई माधोपुर में पिंकी मीणा सहायक निदेशक (लोक सेवाएं, प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग) के पद पर अपनी सेवाएं दे रही थीं. निलंबन रद्द होने के बाद इस साल सवाई माधोपुर में ही उन्हें पहली पोस्टिंग मिली थी. अब राजस्थान में आगामी पंचायत और निकाय चुनावों से पहले हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत पिंकी मीणा की एक बार फिर दौसा जिले में एंट्री हो गई है.

pinki meena posted in dausa Assistant Collector ras officer
क्या है RAS पिंकी मीणा का 10 लाख रुपये घूस कांड?
आरएएस अधिकारी पिंकी मीणा मूल रूप से जयपुर जिले के चौमू के पास स्थित चिथवाड़ी गांव की रहने वाली हैं. 24 जुलाई 1992 को जन्मीं पिंकी मीणा 2017 बैच की राजस्थान प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं. एक किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली पिंकी मीणा ने अपनी शुरुआती पढ़ाई सरकारी स्कूल से की और अपने पहले ही प्रयास में आरएएस परीक्षा पास कर ली थी.
आरएएस की ट्रेनिंग पूरी होने के बाद पिंकी मीणा को अंडर ट्रेनी असिस्टेंट कलेक्टर के पद पर टोंक में तैनात किया गया था. इसके बाद उन्हें दौसा जिले के बांदीकुई में एसडीएम (SDM) बनाया गया, जहाँ उन्होंने 1 अक्टूबर 2018 को पदभार ग्रहण किया था.

pinki meena posted in dausa Assistant Collector ras officer
साल 2021 में भारतमाला परियोजना के तहत दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य चल रहा था, जो दौसा जिले से होकर गुजरता है. निर्माण कार्य से जुड़ी कंपनी के अधिकारियों ने दौसा के तत्कालीन एसडीएम पुष्कर मित्तल और बांदीकुई की तत्कालीन एसडीएम पिंकी मीणा के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई.
एसीबी ने कार्रवाई करते हुए 13 जनवरी 2021 को हाईवे निर्माण कंपनी से 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए दौसा एसडीएम पुष्कर मित्तल को रंगे हाथों गिरफ्तार किया. वहीं, 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगने की शिकायत पर बांदीकुई एसडीएम पिंकी मीणा को भी गिरफ्तार कर लिया गया था.
यह भी पढ़ें- IAS आर्तिका शुक्ला: अलवर DM के खिलाफ मंत्री धरने पर, जानें UPSC टॉपर की लव स्टोरी से नए विवाद की पूरी कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं