राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रोन के जरिए भेजी गई हथियारों और विस्फोटकों की खेप बरामद की है. रावला क्षेत्र के चक 12 KND में हुई इस संयुक्त कार्रवाई को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF), सीमा सुरक्षा बल (BSF) और स्थानीय पुलिस ने अंजाम दिया. इस दौरान पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया, जो कथित तौर पर हथियारों की डिलीवरी लेने पहुंचे थे.
जानकारी के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियों को पहले सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशे और संदिग्ध सामग्री की तस्करी का इनपुट मिला था. इसके बाद टीमों ने इलाके में घात लगाकर निगरानी शुरू की. निगरानी के दौरान ड्रोन से गिराए गए संदिग्ध पैकेट बरामद किए गए. तलाशी में पैकेटों से RDX, IED से जुड़ी सामग्री, दो पिस्टल, चार मैगजीन, 600 राउंड कारतूस और दो रिमोट बरामद हुए.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोला-बारूद की यह खेप ड्रोन के जरिए कई चरणों में भारतीय सीमा में पहुंचाई गई हो सकती है. सुरक्षा एजेंसियों को तीन फेरों में सामान गिराए जाने की जानकारी मिली है. वहीं सीमा पार से छह खेप भेजे जाने की आशंका की भी जांच की जा रही है. अब यह पड़ताल की जा रही है कि बरामद सामग्री एक ही ऑपरेशन का हिस्सा थी या अलग-अलग समय पर भेजी गई थी.
बड़ी साजिश के एंगल पर जांच
गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पाकिस्तान से भेजे गए हथियार और विस्फोटक आखिर किस तक पहुंचने वाले थे. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इसके पीछे कौन-सा नेटवर्क सक्रिय था और क्या इस सामग्री का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात या आतंकी साजिश में किया जाना था.
त्योहारों के मौसम को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां किसी संभावित साजिश की आशंका को भी गंभीरता से खंगाल रही हैं. हालांकि अभी तक किसी विशेष टारगेट या हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. ANTF और BSF की टीमें इलाके में सर्च अभियान चला रही हैं, जबकि जांच का दायरा पंजाब से जुड़े संभावित नेटवर्क और सीमा पार संचालित तस्करी तंत्र तक बढ़ाया गया है. इस बरामदगी ने एक बार फिर ड्रोन के जरिए हथियार पहुंचाने की चुनौती को उजागर कर दिया है.
यह भी पढ़ें- वाशिम में सूखे का संकट गहराया, 9 महीने में 90 किसानों ने दी जान; सिर्फ 23 परिवारों को मिलेगी सरकारी मदद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं