विज्ञापन

ब्लड डोनेशन कैंप में खून देने काफिले के साथ पहुंचा माफिया; थार, स्कॉर्पियो, बोलेरो जब्त, 10 गिरफ्तार

पुलिस को सूचना मिली कि सोशल मीडिया पर हथियारों, लग्जरी गाड़ियों और रौबदार अंदाज वाली रीलें डालनेवाला हिस्ट्रीशीटर ब्लैकिया एक ब्लड डोनेशन कैंप में जा रहा है जिसके बाद तीन थानों की टीमों ने मिलकर कार्रवाई की.

ब्लड डोनेशन कैंप में खून देने काफिले के साथ पहुंचा माफिया; थार, स्कॉर्पियो, बोलेरो जब्त, 10 गिरफ्तार
नितेश उर्फ ब्लैकिया उर्फ कालू के ऊपर 17 मामले दर्ज हैं
NDTV

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की. वहां एक गांव में एक ब्लड डोनेशन कैंप लगा था जिसमें एक हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी नितेश उर्फ ब्लेकिया अपने साथियों के साथ शरीक होने पहुंचा था. पुलिस को इसकी सूचना मिली जिसके बाद तीन थानों की पुलिस कैंप में पहुंच गई. पुलिस को देखते ही कैंप में खलबली मच गई. डीएसटी, क्यूआरटी, मुकुंदगढ़, मंडावा और नवलगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 15 लग्जरी वाहन जब्त किए गए. साथ ही 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. हालांकि कार्रवाई के दौरान नितेश उर्फ ब्लेकिया सहित कुछ आरोपी खेतों के रास्ते फरार हो गए जिनकी तलाश जारी है. 

गांव में जन्मदिन पर लगा था ब्लड डोनेशन कैंप

नवलगढ़ के डीएसपी सुगन सिंह ने बताया कि झुंझुनूं के मुकुंदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सोटवारा में ब्लड डोनेशन कैंप में पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया गतिविधियों की निगरानी के दौरान डीएसटी प्रभारी हेमराज मीणा को सूचना मिली थी कि बदमाश प्रवृत्ति के कुछ लोग वाहनों के काफिले के साथ बगड़ क्षेत्र से मंडावा होते हुए मुकुंदगढ़ पहुंचे हैं. सूचना में यह भी सामने आया कि उनके साथ बगड़ थाने का हिस्ट्रीशीटर नितेश उर्फ ब्लैकिया भी शामिल है, जो हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया है. 

पुलिस जांच में सामने आया कि सोटवारा निवासी सुखवीर के जन्मदिन पर आयोजित ब्लड डोनेशन कैंप में बड़ी संख्या में युवक पहुंचे थे. सुखवीर मंडावा क्षेत्र में होटल संचालक है और उसके खिलाफ पूर्व में सीकर के उद्योग नगर थाने में राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज  है. 

लग्जरी गाड़ियों को जब्त कर थाने लाया गया

लग्जरी गाड़ियों को जब्त कर थाने लाया गया
Photo Credit: NDTV

ब्लड कैंप की घेराबंदी

सूचना के बाद पूरे ऑपरेशन को गोपनीय रखते हुए मंडावा, मुकुंदगढ़ और नवलगढ़ थाना पुलिस, डीएसटी एवं क्यूआरटी की संयुक्त टीम गठित की गई. अलग-अलग रास्तों से पुलिस टीमों ने सोटवारा गांव पहुंचकर ब्लड डोनेशन कैंप स्थल की घेराबंदी कर दी.

दबिश के दौरान पुलिस ने मौके से टीम ब्लैकिया ग्रुप लिखी कैंपर, स्कॉर्पियो, थार और बोलेरो सहित कुल 15 गाड़ियां जब्त कीं. वहीं कोटपूतली के भाबरू, पावटा, खेतड़ी और फतेहपुर थाना क्षेत्रों के रहने वाले 10 युवकों को गिरफ्तार किया गया.

पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपी खेतों की ओर भाग निकले. इनमें नितेश उर्फ ब्लैकिया के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और उनके उद्देश्य की जानकारी जुटाई जा रही है. 

आरोपी पुलिस को देख गाड़ियां छोड़ भाग गए

आरोपी पुलिस को देख गाड़ियां छोड़ भाग गए
Photo Credit: NDTV

सोशल मीडिया पर सक्रिय

पुलिस के अनुसार 26 वर्षीय नितेश उर्फ ब्लेकिया उर्फ कालू, माखर की ढाणी थाना बगड़ का रहने वाला है. उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं. कुछ दिन पहले ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया था.

ब्लेकिया सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय है. वह अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर खुद को "RJ18 Mafia" और "Black Group" का संचालक बताता है तथा हथियारों, लग्जरी गाड़ियों और रौबदार अंदाज वाली रीलें पोस्ट करता रहता है. 

कार्रवाई के बाद पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वो ऐसे अपराधियों की सोशल मीडिया छवि से प्रभावित न हों. उन्होंने कहा कि लोगों को इस प्रकार के आपराधिक छवि के लोगों को आयोजनों में नहीं बुलाना चाहिए और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करना चाहिए.

ये भी पढ़ें-: कुत्ते वाले घर में चोरी का तरीका, मांस का टुकड़ा ले जाते थे और आराम से डालते थे डाका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jhunjhunu, Jhunjhunu News, Rajasthan News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com