करोड़ों रुपये के पैकेज की नौकरी... IIT से पढ़ाई और शानदार करियर का मौका. लेकिन कोटा के प्रशांत जैन ने इन सबके बजाय अपने शहर लौटकर छात्रों के भविष्य को संवारने का रास्ता चुना. आज वे ओलंपियाड मैथमेटिक्स की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए आसान भाषा में किताबें लिख रहे हैं. अब तक 25 से ज्यादा किताबें लिख चुके प्रशांत जैन एशिया के प्रमुख लेखकों में शुमार हो चुके हैं. खास बात यह है कि AI स्टैटिक काउंसिल ने भी उन्हें दुनिया के चुनिंदा 8 लेखकों में शामिल किया है.
बच्चों के लिए आसान बनाई गणित
IIT मुम्बई (Bombay) से पढ़ाई करने के बाद प्रशांत जैन के सामने करियर के कई बड़े विकल्प थे. लाखों-करोड़ों रुपये के पैकेज वाली नौकरी भी मिल सकती थी, लेकिन उन्होंने पारंपरिक करियर की दौड़ से अलग रास्ता चुना. उनका लक्ष्य था कि गणित जैसे कठिन विषय को बच्चों के लिए आसान बनाया जाए. ओलंपियाड मैथमेटिक्स की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती होती है कठिन सवालों को समझना.
अब 25 से ज्यादा किताबें लिख चुके प्रशांत
प्रशांत जैन अब तक 25 से ज्यादा पुस्तकें लिख चुके हैं. उनकी किताबों का फोकस ओलंपियाड मैथमेटिक्स और विद्यार्थियों की तैयारी को आसान बनाना है. उनका मानना है कि सही दिशा और सही अध्ययन सामग्री मिले तो छोटे शहरों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं. लगातार लेखन और विद्यार्थियों के लिए किए जा रहे काम का असर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दिखाई दे रहा है.

दुनिया के 8 चुनिंदा लेखकों में शामिल
प्रशांत को एशिया के प्रमुख लेखकों में शामिल किया गया है. वहीं एआई स्टैटिक काउंसिल ने उन्हें दुनिया के चुनिंदा 8 लेखकों में स्थान दिया है. युवाओं के लिए मिसाल प्रशांत जैन की कहानी सिर्फ किताबें लिखने की कहानी नहीं है. यह उस सोच की कहानी है, जिसमें सफलता का मतलब सिर्फ बड़ा पैकेज या बड़ी नौकरी नहीं, बल्कि अपने ज्ञान से दूसरों का भविष्य बेहतर बनाना भी है. उन्होंने अपने हुनर को विद्यार्थियों तक पहुंचाने का रास्ता चुना और आज उनकी किताबें छात्रों के लिए मददगार बन रही हैं.
करोड़ों के पैकेज का मौका छोड़कर किताबों के जरिए विद्यार्थियों की मदद करने वाले प्रशांत जैन आज युवाओं के लिए मिसाल बन चुके हैं. उनकी कहानी बताती है कि अगर आपके पास ज्ञान और उसे दूसरों तक पहुंचाने का जुनून है, तो सफलता का रास्ता सिर्फ नौकरी और पैकेज से होकर नहीं गुजरता. आपका ज्ञान किसी दूसरे के सपनों की उड़ान भी बन सकता है.
यह भी पढे़ं- बीकानेर में CBI ने दो रेलवे कर्मचारियों को दबोचा, 48 करोड़ के टेंडर के बिल पास करने के लिए ले रहे थे रिश्वत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं