जयपुर से गिरफ्तार जैश-ए-मोहम्मद की स्लीपर सेल की सदस्य बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा को ATS ने 7 दिन की रिमांड पर लिया है. पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. सूत्रों के मुताबिक, बबीता पिछले करीब दो साल से आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के संपर्क में थी. जांच एजेंसियों को जानकारी मिली है कि उसे आत्मघाती हमले के लिए तैयार किया जा रहा था. पाकिस्तान से कमांडर ऑनलाइन बबीता को इसकी ट्रेनिंग दे रहा था. इतना ही नहीं, उसने इंटरनेट पर आत्मघाती हमला करने के तरीकों को भी सर्च किया था.
सेना के जवानों से भी संपर्क किया
सूत्रों के अनुसार, बबीता को आर्मी के जवानों को हनीट्रैप में फंसाने की भी ट्रेनिंग दी गई थी. सोशल मीडिया के जरिए उसने कई सेना के जवानों से संपर्क किया, और भारत में अपना नेटवर्क तैयार करने की कोशिश कर रही थी.
कई युवतियों का ब्रेनवॉश कर रही थी
जांच में यह भी सामने आया है कि वह अन्य राज्यों में कई लोगों के संपर्क में थी, और कुछ युवतियों का ब्रेनवॉश करने की कोशिश भी कर रही थी. बबीता ने सोशल मीडिया पर कुछ युवतियों से संपर्क किया. उन्हें जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी संगठन में शामिल करवाना चाहती थी.
पाकिस्तान जाकर शादी की भी तैयारी थी
सूत्रों के मुताबिक, बबीता का संपर्क मौलाना मसूद अजहर के साले यूसुफ गौरी और जैश कमांडर अयु-ए-मोहम्मद से था. उनसे वाट्सएप पर बात करती थी. पाकिस्तान जाकर जैश-ए-मोहम्मद के सदस्य अबू उबैदाह से शादी करना चाहती थी.
घर पर रोज नमाज भी अदा करती थी
पूछताछ में सामने आया कि धर्म परिवर्तन के बाद बबीता ने अपना नाम खदीजा रखा था. मौलाना ने ऑनलाइन कलमा पढ़ाकर धर्म परिवर्तन करवाया. बबीता को पूरा कलमा याद है, और रोज कलमा पढ़ती थी. घर में नमाज भी अदा करती थी.
तीन फोन नंबर चलाती थी बबीता
बबीता के मोबाइल फोन को FSL जांच के लिए भेजा जा सकता है. सूत्रों के अनुसार, बबीता ने अपने नाम से तीन मोबाइल नंबर ले रखी थी. तीनों नंबर को वह ऑपरेट करती थी. वाट्सएप चैटिंग के बाद फोटो और वीडियो सब कुछ डिलीट कर देती थी.
आर्मी के जवानों से संपर्क करना चाहती थी
बॉर्डर इलाके में तैनात आर्मी के जवानों को टारगेट करना भी बबीता को जैश ने सिखाया है. बबीता बॉर्डर इलाके में तैनात जवानों से संपर्क करने की कोशिश में जुटी हुई थी. बबीता व्हाट्सएप भारतीय नंबर का OTP भी पाकिस्तान में जैश हैंडलर को दे रखी थी, जिससे पाकिस्तान से भारतीय नंबर को ऑपरेट किया जा सके. फिलहाल एजेंसियां लगातार पूछताछ कर रही हैं, और मामले में कई बड़े खुलासे होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: "रात 3 बजे तक मैसेज करती रहती थी", जैश-ए-मोहम्मद की स्लीपर सेल सदस्य बबीता की मां ने कहा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं