जयपुर में रविवार (23 अगस्त) आक्रोश रैली के आयोजन के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा. रैली दोपहर 1 बजे खोले के हनुमान जी मंदिर से रवाना होगी और बदनपुरा, गंगापोल, राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के सामने से सुभाष चौक, चांदी की टकसाल, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया टी-पॉइंट, छोटी चौपड़, किशनपोल बाजार, यादगार तिराहा और रामनिवास बाग चौराहा होते हुए यूनियन फुटबॉल ग्राउंड पहुंचेगी. रैली के दौरान यातायात पुलिस की ओर से सामान्य यातायात को आवश्यकता के अनुसार डायवर्ट किया जाएगा.
दिल्ली रोड से जयपुर की ओर आने वाले वाहनों को खोले के हनुमानजी मंदिर की तरफ जाने पर धोबीघाट सर्किल, रामगढ़ मोड़, सड़वा मोड़, रामगढ़ रोड, नाई की थड़ी और नायला रोड होते हुए आगरा रोड की ओर भेजा जाएगा. आमेर तिराहा से आने वाले यातायात को आमेर कस्बा, गांधी चौक और आमेर रोड होते हुए रामगढ़ मोड़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा. भारी वाहनों को चंदवाजी तिराहा से एक्सप्रेस हाईवे, रोड नंबर 14 और 200 फीट चौराहे की ओर भेजा जाएगा. जयपुर से दिल्ली रोड की ओर जाने वाले यातायात को गलता गेट से सूरजपोल गेट और रामगंज चौपड़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा. वहीं, टीपी नगर से यातायात को गुरुद्वारा मोड़ और गोविंद मार्ग तथा रोटरी सर्किल से जवाहर नगर बाईपास की ओर भेजा जाएगा.
परकोटे में भी बदलेगा ट्रैफिक रूट
रैली के राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान-अमेर रोड पहुंचने से पहले रामगढ़ मोड़ से यातायात को धोबीघाट की ओर डायवर्ट किया जाएगा. रामगढ़ मोड़ से जोरावर सिंह गेट के बीच की गलियों से आने वाले वाहनों को जोरावर सिंह गेट से सीतारामपुरा बाजार की ओर भेजा जाएगा. हालांकि, रामगढ़ मोड़ से माउंट रोड की ओर यातायात का संचालन जारी रहेगा. बड़ी चौपड़ की ओर रैली के पहुंचने से पहले बड़ी चौपड़ से रामगंज चौपड़, त्रिपोलिया बाजार और सांगानेरी गेट की ओर, जबकि सुभाष चौक से चार दरवाजा की ओर यातायात डायवर्ट किया जाएगा. चार दरवाजा से रामगंज चौपड़ की ओर भी यातायात का संचालन किया जाएगा.
रैली के बड़ी चौपड़ पहुंचने से पहले सांगानेरी गेट से मिनर्वा चौराहा, रामनिवास बाग चौराहा और एमआई रोड की ओर तथा रामगंज चौपड़ से घाटगेट और गलता गेट की ओर यातायात भेजा जाएगा. छोटी चौपड़ से किशनपोल बाजार, चांदपोल बाजार और गणगौरी बाजार की ओर यातायात डायवर्ट रहेगा. रैली के बड़ी चौपड़ पहुंचने से पहले चौड़ा रास्ता में प्रवेश बंद रहेगा.
अजमेरी गेट और एमआई रोड पर भी डायवर्जन
रैली के छोटी चौपड़ पहुंचने से पहले अजमेरी गेट से एमआई रोड, चौगान चौराहे से 12 भाइयों का चौराहा-माउंट रोड तथा संजय सर्किल से संसार चंद्र रोड की ओर यातायात डायवर्ट किया जाएगा. एमआई रोड पर रैली के अजमेरी गेट पहुंचने से पहले पांच बत्ती से सेंट जेवियर की ओर यातायात भेजा जाएगा. यातायात का दबाव अधिक होने पर गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहे से सरदार पटेल मार्ग की ओर डायवर्जन किया जाएगा. इसी तरह यादगार तिराहे से पहले अशोका टी-पॉइंट से अशोका मार्ग की ओर यातायात डायवर्ट रहेगा. रैली के रामनिवास बाग चौराहे पहुंचने से पहले मिनर्वा चौराहे से एमडी रोड तथा सांगानेरी गेट से जौहरी बाजार की ओर यातायात भेजा जाएगा. जरूरत पड़ने पर गुरुद्वारा मोड़ से गोविंद मार्ग की ओर भी यातायात डायवर्ट किया जाएगा. रैली के रामनिवास बाग में प्रवेश करने से पहले सभी गेटों से रामनिवास बाग के अंदर आने वाले यातायात का संचालन निषेध रहेगा.
रैली मार्ग पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित
यातायात पुलिस के अनुसार रैली के पूरे मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी. इसके अलावा गलता गेट चौराहा, घाटगेट चौराहा, सांगानेरी गेट, अजमेरी गेट, संजय सर्किल और रामगढ़ मोड़ से ई-रिक्शा, टेंपो, मिनी बस, सिटी बस और अन्य मध्यम श्रेणी के वाहनों का परकोटे में प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा. हालांकि, एम्बुलेंस और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को निर्बाध आवागमन की अनुमति रहेगी.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान में मौसम का अजब खेल! 3 दिन से बारिश का अलर्ट के बाद भी मौसम साफ, आज भी 14 जिलों में चेतावनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं