जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) की कार्रवाई से पहले मुस्लिम समाज में प्रतिक्रिया भी देखने को मिली. कांग्रेस के मुख्य सचेतक रफीक खान का भी वीडियो सामने आया है. वीडियो रविवार (7 जून) का बताया जा रहा है. रफीक खान के साथ मौजूद विधायक अमीन कागजी भी भावुक दिखे. दरअसल, जेडीए ने नूरानी मस्जिद समेत 5 धार्मिक स्थलों को नोटिस जारी कर संबंधित पक्ष को खुद ही अतिक्रमण ढहाने के लिए समय दिया था. इस पर अमीन कागजी ने कहा कि हम मस्जिद हमारे हाथों से शहीद करने का कॉल नहीं ले सकते.
कांग्रेस विधायक बोले- मस्जिद 20 फीट कर दो
अमीन कागजी ने रविवार को संबोधित करते हुए कहा कि हम हरगिज ये नहीं करेंगे. हमें बस उतना चाहिए कि मस्जिद को 40 फीट की जगह 20 फीट कर दीजिए. हमारी इबादत होती रहेगी, लेकिन ये नहीं मान रहे हैं. मत मानने दीजिए, वक्त बदलेगा.
बैठक के दौरान विधायक रफीक खान ने कहा कि वहां एक मजार है, जो कि आजादी से भी पुरानी है. वहां पर नमाज अदा होती है. नूरानी मस्जिद 1981 में अपनी जमापूंजी से जमीन खरीद कर बनाई थी. जेडीए का मास्टर प्लान 2000 के बाद लागू हुआ है. इस जमीन का सौदा भी तो 1981 में ही हो गया था.
बिना वेरिफिकेशन के सड़क 80 फीट घोषित- रफीक खान
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही 29 जून 1994 को जयपुर विकास प्राधिकरण में इसका डेवलपमेंट चार्ज भी जमा करवाया गया है. बिना कोई फिजिकल वेरिफिकेशन किए साल 2000 के बाद इस रोड को 80 फीट घोषित कर दिया. उन्होंने कहा कि हमनें सभी अधिकारियों से मिलकर बात करने की कोशिश की. उस इलाके में नमाज अदा करने के लिए जगह नहीं है, लेकिन कोई हल नहीं निकला.
सड़क चौड़ी करने के नाम पर ख़रीद शुदा जमीन पर बनी 40 वर्ष पुरानी नूरानी मस्जिद जगतपुरा-मालवीय नगर जयपुर को जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा हटाये जाने को लेकर मस्जिद कमेटी एवं मुस्लिम समाज के प्रबुद्ध जनों द्वारा मुसाफ़िर ख़ाना मोती डूँगरी रोड जयपुर में आयोजित सामूहिक दुआ में शामिल… pic.twitter.com/E1qVrRcxv4
— Rafeek Khan (@RafeekKhanInc) June 7, 2026
हम कानूनी लड़ाई लड़ेंगे- विधायक
कांग्रेस विधायक ने कि हमने सामूहिक दुआ का कार्यक्रम रखा, जितने लोग यहां इकट्ठे हुए. उससे ज्यादा पुलिस वाले दिखा रहे हैं, किसको डराने की कोशिश है? ये कौम डरने वाली नहीं है. उन्होंने जेडीए के लिए कहा, "आप सोच रहे हो कि डर दिखाकर ये मस्जिद गिरेगी तो 10 मस्जिदें बनेंगी. शायद कोई माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है. हम माहौल नहीं बिगड़ने देंगे. हम गंगा-जमुनी तहजीब का परिचय देंगे और हक के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेंगे. कानून के दायरे में रहकर हर तरीके से अपनी बात रखेंगे."
यह भी पढ़ेंः जयपुर बुलडोजर एक्शनः करीब 5 लाख लोगों को ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत! 26 साल का इंतजार खत्म
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं