गणेश चतुर्थी पर जयपुर के प्रसिद्ध मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में इस बार भगवान गणेश का भव्य स्वर्णिम श्रृंगार किया जा रहा है. मंदिर परिसर को करीब 11 किलो जर्मन गोल्ड वर्क से सजाया जा रहा है. गर्भगृह की दीवारों पर करीब 1.25 किलो 24 कैरेट सोने की मदर का काम पूरा हो चुका है.
20 हजार गोल्ड वर्क लगाए गए
मंदिर के करीब 40 फीट चौड़े और 35 फीट लंबे हिस्से को गोल्डन थीम पर सजाया जा रहा है. मंदिर परिसर को सजाने में करीब 20 हजार गोल्ड वर्क लगाए गए हैं. सुनहरी परत और बारीक नक्काशी से मंदिर का अंदरूनी हिस्सा स्वर्णिम आभा में चमक रहा है.
हाथों से नक्काशी और पेंटिंग की गई है
मंदिर की छत पर पारंपरिक शैली में हाथों से नक्काशी और पेंटिंग की गई है. करीब 40 दिनों तक 4 विशेषज्ञ कारीगरों ने लगातार काम कर मंदिर की सजावट को नया रूप दिया, इसमें पारंपरिक कारीगरी के साथ आधुनिक फिनिशिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है.
सोने का पोशाक पहनेंगे गणेशजी
मंदिर के महंत कैलाश शर्मा के मुताबिक, गणेश चतुर्थी पर गणेशजी विशेष स्वर्ण आभूषण और पोशाक में नजर आएंगे. मंदिर परिसर की यह सजावट श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगी. मोतीडूंगरी गणेश मंदिर जयपुर का प्रमुख धार्मिक स्थल है, और यहां गणेश चतुर्थी सहित प्रमुख पर्वों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं.
यह भी पढ़ें: 3 बेटा-बेटी और बहू-दामाद से भरा पूरा परिवार, फिर भी फ्लैट में 3 दिन से सड़ता रहा रिटायर्ड प्रिंसिपल का शव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं