शादियों के समय बारात का जश्न मनाते समय गाजे-बाजे के साथ कई शौकीन लोग जमकर आतिशबाजी भी करते हैं. इनमें से कई कुछ ज्यादा ही उत्साहित हो जाते हैं और लापरवाही कर बैठते हैं जिससे बड़ी दुर्घटना हो जाती है. राजस्थान के डीग जिले में हरियाणा से आई एक बारात के बीच ऐसी ही एक दुर्घटना हो गई जब पटाखों के चक्कर में एक कार में आग लग गई और देखते-देखते वह आग का गोला बन गई जिससे बारात में भारी हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई. घटना का वीडियो लोगों ने रिकॉर्ड कर लिया जो अब वायरल हो रहा है.
चिंगारी से लगी आग
यह दुर्घटना डीग जिले के जुरहरा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती गांव घोसिंगा में हुई. वहां एक शादी समारोह के दौरान उस समय खुशियां काफूर हो गईं, जब आतिशबाजी के दौरान बारात की एक कार में भीषण आग लग गई. बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना तब हुई जब कुछ बारातियों ने कार की छत पर पटाखे रखकर उनमें आग लगाई. लेकिन उसकी चिंगारी से कार में ही आग लग गई और हादसा हो गया.
मिली जानकारी के अनुसार, यह बारात हरियाणा के धुनेला-सोहना क्षेत्र से घोसिंगा गांव आई थी. बारात के आगमन पर कुछ उत्साही बाराती एक कार की छत पर खड़े होकर पटाखे चला रहे थे. इसी दौरान एक जलता हुआ पटाखा अचानक हाथ से छूटकर सीधे कार के भीतर जा गिरा. कार के अंदरूनी हिस्से में चिंगारी सुलगते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया.
बाल-बाल बचे लोग
कार से आग की ऊंची लपटें उठती देख शादी समारोह में मौजूद मेहमानों और स्थानीय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. गनीमत यह रही कि आग लगते ही कार में सवार लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया.
ये भी पढ़ें-: छोटे भाई की मौत की खबर सुन बड़े भाई ने भी तोड़ा दम, एक ही चिता पर दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं