- दिल्ली में एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड की कार्रवाई के दौरान डेढ़ करोड़ का ड्रग्स बरामद किया गया है.
- ड्रग सरगना पार्वती पर 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं.
- पुलिस ने 56.69 लाख कैश, 355 ग्राम सोना, 161 ग्राम चांदी और 1.204 किलो हेरोइन बरामद किया है.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़े ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है. दिल्ली से राजस्थान तक फैले अंतरराज्यीय सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए अब तक कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पिछले हफ्ते शुक्रवार को पुलिस ने आउटर नॉर्थ जिले में एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया था. पुलिस के मुताबिक, 42 साल की ड्रग्स सरगना पार्वती लंबे वक्त से नशे के कारोबार से जुड़ी हुई. आरोपी महिला के खिलाफ पहले से ही NDPS एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह थाना नरेला इंडस्ट्रियल एरिया की 'बैड कैरेक्टर हिस्ट्रीशीट' में दर्ज आरोपी है.


पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 को एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड, आउटर नॉर्थ जिले को सूचना मिली थी कि न्यू सनौठ कॉलोनी में नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़ा एक नेटवर्क एक्टिव है.
किराए के मकान में बॉडीगॉर्ड के साथ रहती थी पार्वती...
पुलिस टीम ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यू सनौठ कॉलोनी स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल पर छापा मारा. इस दौरान पार्वती और उसके साथ रहने वाले विकास कुमार उर्फ शानू को पकड़ लिया गया. पार्वती ड्रग्स के पैसे एक मकान भी बनवा रही थी. उसकी एक टाटा हैरियर गाड़ी भी जब्त की गई है. पुलिस ने बताया कि पार्वती किराए के मकान में रहती थी. उसका स्थायी पता बवाना की जेजे कॉलोनी बताया गया है.

ये भी पढ़ें: नेता लोग भी दारू-गांजा पीते हैं, ब्लड टेस्ट करवा लीजिए... जमुई कांड पर पप्पू यादव का बड़ा बयान
नरेला में नशा तस्कर पार्वती के घर से 56.69 लाख रुपये कैश, 355 ग्राम गोल्ड, 161 ग्राम चांदी और 4 प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री के कागजात बरामद किए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, ये सारा पैसा और संपत्ति ड्रग तस्करी से कमाई गई है. पुलिस ने 1.204 किलो हेरोइन, 64.62 लाख रुपये कैश, सोना-चांदी के गहने और 2 कारें बरामद की हैं. पार्वती के पास से डेढ़ करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत के ड्रग्स बरामद किए गए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं