अजमेर में आईफोन (iPhone) बनानेवाली नामी कंपनी एप्पल (Apple) के नाम पर नकली मोबाइल एसेसरीज बेचने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग दुकानों और गोदामों पर दबिश दी. क्लॉक टावर थाना पुलिस ने एप्पल कंपनी के प्रतिनिधि की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की, जबकि कोतवाली थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने एक मोबाइल शॉप पर छापा मारकर भारी मात्रा में संदिग्ध सामान जब्त किया. कार्रवाई देर रात तक जारी रही और दोनों स्थानों के संचालकों से पूछताछ की गई.
मोबाइल वाली गली के गोदाम में छापा
क्लॉक टावर थाना क्षेत्र में असमान मोबाइल वाली गली स्थित अग्रवाल धर्मशाला के गोदाम में पुलिस ने दबिश दी. पुलिस के मुताबिक यहां एप्पल के बॉक्स पर कंपनी के स्टिकर लगाकर ग्राहकों को असली उत्पाद के रूप में सामान बेचने की शिकायत मिली थी. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एप्पल मोबाइल के 45 बॉक्स, 114 यूएसबी चार्जिंग केबल और एप्पल के स्टिकर जब्त किए.
पुलिस ने दुकान संचालक नीतेश केशवानी को डिटेन कर पूछताछ शुरू की है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह सामान कहां से लाया गया था और इसे किन दुकानों या ग्राहकों तक पहुंचाया जाना था.

गोदाम को बाद में छापेमारी के बाद सील कर दिया गया
Photo Credit: NDTV
रात भर छापेमारी
इसी तरह कोतवाली थाना क्षेत्र के सुंदर विलास स्थित भावेश मोबाइल शॉप पर भी पुलिस ने कार्रवाई की. यहां से 24 नकली पावर एडॉप्टर, 78 यूएसबी/सीटूसी चार्जिंग केबल, 147 एप्पल मोबाइल बॉक्स और 532 सील स्टिकर बरामद किए गए. पुलिस ने दुकान के प्रोपराइटर पवन मंगतानी को थाने लाकर पूछताछ की.
कार्रवाई के बाद अब पुलिस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है. जांच का मुख्य बिंदु यह है कि नकली एसेसरीज और पैकिंग सामग्री अजमेर में किस माध्यम से पहुंच रही थी और इनके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं. कंपनी प्रतिनिधियों की मौजूदगी में जब्त सामान की जांच भी कराई जा रही है. पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल बाजार में हड़कंप मचा हुआ है.
ये भी पढ़ें-: NIMS यूनिवर्सिटी के हॉस्टल की 15वीं मंजिल से कूदा यूपी का B.Tech छात्र, मोबाइल फोन की हो रही जांच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं