- अजमेर के सरकारी स्कूल में नशे में धुत्त शिक्षक का वीडियो वायरल हुआ था
- शिक्षक भीवाराम मीणा शराब के नशे में स्कूल मैदान पर ही लेट गया था
- शिक्षा विभाग ने जांच के बाद शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है
राजस्थान में पिछले दिनों अजमेर जिले के एक सरकारी स्कूल के एक टीचर का वीडियो सामने आया था जिसमें एक टीचर नशे में धुत्त होकर स्कूल के मैदान में ही सो गया था. इस टीचर का वीडियो वायरल होने के बाद अब उसके खिलाफ शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है और उसे निलंबित कर दिया है. यह घटना अजमेर जिले के सावर ब्लॉक स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, ऊंदरी की थी. वहां कार्यरत शिक्षक भीवाराम मीणा (लेवल-1) के खिलाफ शिक्षा विभाग ने निलंबन की कार्रवाई की है.
निलंबन का आदेश
शिक्षा विभाग के अनुसार शिक्षक शराब के नशे में स्कूल पहुंचा और उसकी हालत इतनी खराब थी कि वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था. बताया गया कि वह कक्षा तक भी नहीं पहुंच सका और ग्राउंड पर लेट गया. शिक्षक के इस व्यवहार का विद्यार्थियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए जांच के बाद विभाग ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.
निलंबन आदेश में लिखा गया है कि निलंबन अवधि में शिक्षक का मुख्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, पीसांगन कार्यालय निर्धारित किया गया है. मामला 19 अगस्त का बताया गया है और निलंबन की कार्रवाई 24 अगस्त को की गई.
ग्रामीणों में नाराजगी
टीचर के नशे में मैदान में लेटे होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण स्कूल पहुंचे और शिक्षक को मैदान से उठाकर पानी से मुंह व सिर धोकर होश में लाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत में कोई खास सुधार नहीं हुआ. विद्यालय समय में शिक्षक के इस तरह नशे की हालत में मिलने से ग्रामीणों में नाराजगी थी. उनका कहना था कि ऐसी स्थिति में बच्चों की पढ़ाई और स्कूल के अनुशासन पर सीधा असर पड़ता है. ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
ये भी पढ़ें-: महिला गई थी SMS हॉस्पिटल, सिर पर गिर गया पंखा, लगे 12 टांके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं