राजस्थान में सोमवार को हुए 2 अलग-अलग भीषण सड़क हादसे में कुल 5 लोगों की जान चली गई है. जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. मृतकों में 2 कांवड़ यात्री और पति-पत्नी हैं, हादसे में जान गंवाने वाले कांवड़ यात्री पुष्कर से टांटोटी जा रही डाक कांवड़ यात्रा में शामिल थे. हादसे के परिवार में कोहराम मच गया है. सड़क दुर्घटना की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. साथ ही पुलिस ने दोनों हादसे में आगे की कार्रवाई तेज कर दी है.
अजमेर में NH-48 पर हुआ हादसा
एक हादसा अजमेर जिले में नेशनल हाईवे-48 पर झड़वासा के पास हुआ. कांवड़ यात्रा में शामिल दो बाइक सवारों को तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान नगरपालिका टांटोटी के निवर्तमान चेयरमैन ओमप्रकाश जैन के पुत्र राहुल जैन (36) और भवानीपुरा टांटोटी निवासी संपत्त रावत (45) के रूप में हुई है. दोनों पुष्कर से टांटोटी जा रही डाक कांवड़ यात्रा में शामिल थे.

मृतक राहुल और संपत्त (फाइल फोटो)
Photo Credit: NDTV
राहुल जैन, संपत्त रावत, सचिन रावत और किशनलाल रावत दो बाइक पर सवार होकर कांवड़ के साथ टांटोटी की ओर जा रहे थे. झड़वासा के पास सड़क किनारे लघुशंका के लिए रुकने के दौरान नसीराबाद की ओर से आए ट्रेलर ने राहुल, संपत्त और सचिन को टक्कर मार दी. हादसे में राहुल और संपत्त की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भवानीपुरा निवासी सचिन रावत गंभीर रूप से घायल हो गया. सचिन को प्राथमिक उपचार के बाद जेएलएन अस्पताल अजमेर रेफर किया गया. पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
नागौर में पति-पत्नी समेत 3 लोगों की मौत
वहीं, दूसरा हादसा नागौर जिले में खींवसर-माडपुरा मार्ग पर हुआ. पांचौड़ी थाना क्षेत्र में शाम करीब 6:20 बजे तेज रफ्तार खाली डंपर और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई है, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर घायल हो गया. हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

डंपर और कार की टक्कर में 3 लोगों की मौत
Photo Credit: NDTV
खाली डंपर खींवसर से माडपुरा की ओर जा रहा था, जबकि कार माडपुरा से खींवसर की तरफ आ रही थी. इसी दौरान दोनों वाहनों में जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में सुगनाराम डूडी (45), उनकी पत्नी सुवा देवी (43) और मानी देवी (40) पत्नी धन्नाराम की मौत हो गई.
वहीं धन्नाराम गंभीर घायल हुए हैं. बताया जा रहा है कि धन्नाराम रिटायर्ड फौजी हैं. गंभीर घायल धन्नाराम को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया. थानाधिकारी ऊर्जाराम के अनुसार हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है. हादसे की सूचना के बाद खींवसर जिला अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई.
यह भी पढे़ं-
अभिजीत दीपके को जिसने मारा था थप्पड़, अब उसने दी धमकी- इस बार खेल खत्म कर देंगे
पाकिस्तान बॉर्डर के पास मिली बम जैसी वस्तु में धमाका, बच्चे का हाथ हुआ चीथड़ा, मां भी गंभीर घायल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं