भीलवाड़ा-उदयपुर हाईवे पर आधी रात्रि को हजारी खेड़ा में नाकाबंदी कर रही एएनटीएफ टीम और तस्करों में मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ में पुलिस फायरिंग में जोधपुर का हिस्ट्रीशीटर तस्कर घायल हो गया. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई. उसका साथी भी घायल है, जिसका भीलवाड़ा जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है.
सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. जयपुर से वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. एनटीएफ को डोडा चूरा तस्करी से जुड़ी गतिविधियों की सूचना मिली थी कि प्रतापगढ़ की ओर से बड़ी मात्रा में अफीम डोडा चूरा लदी गाड़ी जोधपुर की तरफ जा रही है. टीम पुर थाना क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी. एक संदिग्ध कार को रुकने का संकेत दिया. ड्राइवर कार लेकर भागने लगा.
एएनटीएफ ने कार का किया पीछा
एएनटीएफ की टीम ने कार का पीछा शुरू किया. बताया जा रहा है कि पीछा किए जाने के दौरान तस्करों ने पकड़े जाने के डर से एएनटीएफ टीम पर फायरिंग कर दी. टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जहां पुलिस की गोली लगने से गणपत (35) पुत्र अलाराम घायल हो गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वह डांगियावास थाना क्षेत्र के रामड़ावास (जोधपुर) का रहने वाला था.
फायरिंग के दौरान कार में सवार महेंद्र गोदारा, निवासी भोपालगढ़ (जोधपुर), भागने का प्रयास कर रहा था. एएनटीएफ के जवानों ने घेराबंदी कर उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया. गुरुवार अल सुबह 3 बजे भीलवाड़ा एसपी सागर राणा, एएसपी राजेश आर्य और डिप्टी एसपी राहुल जोशी पुर थाने पहुंचे.
अफीम डोडा चूरा से भरी थी गाड़ी
भीलवाड़ा एएसपी राजेश आर्य ने कहा कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के भीलवाड़ा चौकी प्रभारी अयुब्ब मोहम्मद टीम के साथ हाईवे पर नाकाबंदी कर रहे थे. चित्तौड़गढ़ की ओर से आ रही कार आ रही थी, जिसमें अफीम डोडा चूरा भरा था. उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग कर दी. आत्मरक्षा में चलाई गोली में एक तस्कर की मौत हो गई.
पुराना आपराधिक रिकार्ड
गणपत जाट जोधपुर के डांगियावास थाने का हिस्ट्रीशीटर है. उसके खिलाफ अलग अलग धाराओं में 14 मुकदमे दर्ज हैं. हाल ही में मध्य प्रदेश राज्य के नीमच जेल से बाहर आया था, और फिर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में जुट गया.
यह भी पढ़ें: Gen-Z छात्रों से टीचरों ने सीखा आंदोलन का तरीका, राजस्थान के शिक्षा मंत्री से मांगा इस्तीफा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं