राजस्थान में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों की मांग को लेकर हजारों शिक्षक जयपुर के शहीद स्मारक पर धरना दे रहे हैं. कल सुबह से यह धरना चल रहा है. शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा धरना कल देर शाम तनावपूर्ण हो गया. जंतर-मंतर पर Gen-Z छात्रों की तरह टीचर भी पुलिस को देखकर राष्ट्रगान गाने लग जाते हैं, जिससे उन पर लाठियां ना बरसाई जाए. क्योंकि जंतर-मंतर पर पुलिस लाठी चार्ज कर रही थी तो छात्र राष्ट्रगान करने लग जा रहे थे.
धरना खत्म करवाने के लिए सख्ती शुरू
शिक्षकों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने धरना खत्म करवाने के लिए सख्ती शुरू कर दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि धरना स्थल पर बिजली बंद कर दी गई है, पानी की व्यवस्था रोक दी गई है और शौचालय भी बंद करवा दिए गए हैं, जिससे खासकर महिला शिक्षिकाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
इस बीच कल देर रात शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से मिला. मुलाकात के बाद शिक्षा मंत्री ने कहा कि बातचीत सकारात्मक रही है और सरकार इस मुद्दे पर सकारात्मक सोच रखती है.
शिक्षा मंत्री से माग रहे इस्तीफा
शिक्षकों ने मंत्री के आश्वासन को पुरानी बात बताते हुए कहा कि उन्हें सिर्फ भरोसा नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक धरना इसी तरह जारी रखा जाएगा. आज सुबह भी शहीद स्मारक पर धरना जारी है. शिक्षक अब मुख्यमंत्री से वार्ता और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.
टीचर ने आत्मदाह की चेतावनी दी
शिक्षक गणपत चौधरी ने बताया, "मैं जोधपुर का रहने वाला हूं. मेरी पोस्टिंग धौलपुर में है. मेरे परिवार को मेरी जरूरत है. यदि कल शाम तक कोई बात नहीं होती है, तो मैं आत्मदाह करने के लिए मजबूर हो जाऊंगा."
पुलिसकर्मी आए तो राष्ट्रगान गाने लगे टीचर
शहीद स्मारक पर धरने के दौरान शिक्षकों के धरने में जेन जी प्रोटेस्ट का रंग देखने को मिला. कल देर शाम जैसे ही पुलिसकर्मी धरना समाप्त करवाने की बातचीत करने के लिए शहीद स्मारक पर आए. तो सभी शिक्षक खड़े होकर राष्ट्रगान गाने लगे. ऐसे में सभी पुलिस कर्मियों को भी राष्ट्रगान के सम्मान में खड़े होना पड़ा.
शिक्षा मंत्री बोले- सीएम से बात करके समाधान निकालेंगे
थर्ड ग्रेड टीचर ट्रांसफर्स को लेकर शिक्षा मंत्री ने एनडीटीवी राजस्थान से बोले, "कल शिक्षकों से बात हुई है, हमने उन्हें बताया कि सकारात्मक रवैया सरकार का है, मुख्यमंत्री जी से बात करके इसका समाधान किया जाएगा. उन्होंने बताया कि राजस्थान में ट्रांसफर नीति सरकार बना रही है, जल्द ही मुख्यमंत्री और कैबिनेट की मंजूरी के बाद उस नीति को लागू किया जाएगा."
यह भी पढ़ें: जमीनी विवाद में 6 लोगों के 40 हत्यारोपी बरी, पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कोर्ट के फैसले पर उठाए सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं