विज्ञापन

हिस्ट्रीशीटर पति-पत्नी के ₹1 करोड़ के आलीशान मकान पर चला JDA का बुलडोजर, दूसरी प्रॉपर्टी पर भी नोटिस

एसीबी की जांच में पता चला कि मकान नंबर 36-ए और 37 पर अपराध से बिना अनुमति लिए अवैध निर्माण किया गया था.

हिस्ट्रीशीटर पति-पत्नी के ₹1 करोड़ के आलीशान मकान पर चला JDA का बुलडोजर, दूसरी प्रॉपर्टी पर भी नोटिस
बुल़डोजर से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया
NDTV

राजधानी जयपुर में अपराध की कमाई से बनाई गई अवैध संपत्तियों के खिलाफ पुलिस और जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजीव राज के निर्देशन में मानसरोवर थाना पुलिस और जेडीए की संयुक्त टीम ने हिस्ट्रीशीटर मुकेश सांसी और उसकी पत्नी तीजा सांसी द्वारा तैयार किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया. कार्रवाई शंकर विहार, गुर्जर की ढाणी स्थित मकान नंबर 36-ए पर की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है.

पुलिस के अनुसार मुकेश सांसी के खिलाफ 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें 9 अवैध शराब और 3 मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े हैं. वहीं उसकी पत्नी तीजा सांसी के खिलाफ 8 मामले दर्ज हैं, जिनमें 6 अवैध शराब और 2 मादक पदार्थ तस्करी के प्रकरण शामिल हैं. दोनों के खिलाफ कई मामलों में न्यायालय में चालान भी पेश किए जा चुके हैं.

विरोध के बावजूद किया अवैध निर्माण

जांच में सामने आया कि अपराध से अर्जित धन से जयपुर विकास प्राधिकरण की अनुमति के बिना मकान नंबर 36-ए और 37 पर अवैध निर्माण किया गया था. स्थानीय लोगों के विरोध के बावजूद तीन मंजिला निर्माण कराया गया. संयुक्त टीम ने मकान नंबर 36-ए पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया, जबकि मकान नंबर 37 के संबंध में जेडीए ने जयपुर विकास प्राधिकरण अधिनियम, 1982 की धारा 32(1) और 32(6) के तहत नोटिस जारी किया है.

अपराधियों के खिलाफ अभियान

पुलिस का कहना है कि राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार हिस्ट्रीशीटर, हार्डकोर अपराधियों और अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अभियान चलाया जा रहा है. ऐसे अपराधियों की चल-अचल संपत्तियों की पहचान कर नियमानुसार कुर्की, ध्वस्तीकरण और अन्य कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण ललित कुमार शर्मा, एसीपी मानसरोवर हेमेंद्र शर्मा तथा मानसरोवर थाना प्रभारी सतीश चंद्र के नेतृत्व में पुलिस और जेडीए की संयुक्त टीम ने की. पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध और अपराध की कमाई से खड़ी की गई अवैध संपत्तियों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

ये भी पढ़ें-: ASI ने भागते बाइक सवार को पीछा कर पकड़ा, इसी बीच वायरलेस हैंडसेट ले उड़ा चोर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
JDA News, JDA Action, Jaipur News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com