विज्ञापन

बीजेपी प्रत्याशी का नहीं मिला सुराग तो धरने पर बैठ गई कांग्रेस प्रत्याशी, दो दिन से हैं लापता

प्रागपुरा नगर पालिका के वार्ड नंबर 32 से बीजेपी के प्रत्याशी 1 सितंबर से ही लापता हैं.

बीजेपी प्रत्याशी का नहीं मिला सुराग तो धरने पर बैठ गई कांग्रेस प्रत्याशी, दो दिन से हैं लापता
प्रागपुरा पुलिस थाने के बाहर धरने पर बैठीं कांग्रेस प्रत्याशी
NDTV

राजस्थान के कोटपूतली बहरोड़ जिले की प्रागपुरा नगर पालिका के वार्ड नंबर 32 के चुनाव में एक अलग तरह की सरगर्मी फैल गई है. वहां से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी बुधराम चौधरी पिछले दो दिनों से लापता हैं. पुलिस के प्रयासों के बावजूद 48 घंटे से उनका कोई पता नहीं चल रहा है. ऐन चुनाव के बीच उम्मीदवार की गुमशुदगी का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है. इस बीच भाजपा प्रत्याशी का कोई सुराग नहीं मिलने पर वार्ड 32 से कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश देवी थाने में विरोध शुरू कर दिया.

कमलेश देवी अपने पति मेहर सिंह और बेटे के साथ प्रागपुरा पुलिस थाने पहुंचीं और उन्हें जल्द सकुशल तलाशने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गईं. मामले की जानकारी मिलने पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक इंद्राज गुर्जर भी प्रागपुरा थाने पहुंचे. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले में जल्द कार्रवाई कर भाजपा प्रत्याशी को सकुशल तलाशने की मांग की.

पुलिस बीजेपी के लापता प्रत्याशी को खोजने के लिए सीसीटीवी खंगाल रही है

पुलिस बीजेपी के लापता प्रत्याशी को खोजने के लिए सीसीटीवी खंगाल रही है
Photo Credit: NDTV

घर से निकले, पर लौटे नहीं

मौके पर पुलिस अधिकारियों ने जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने और लापता व्यक्ति की तलाश तेज करने का भरोसा दिलाया. भाजपा प्रत्याशी बुधराम के पुत्र राहुल चौधरी ने प्रागपुरा थाने में अपने पिता की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई है. शिकायत के अनुसार, बुधराम 1 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 3 बजे घर से निकले थे. इसके बाद वे वापस घर नहीं लौटे. परिजनों ने आसपास के इलाकों के अलावा रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी तलाश की, लेकिन बुधराम का कोई पता नहीं चला. उनके मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन मोबाइल बंद मिला. काफी तलाश के बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत कर बुधराम को तलाशने की मांग की.

डीएसपी उमेश निठारवाल ने बताया कि भांकरी निवासी राहुल की ओर से शिकायत दर्ज करवाई गई है कि उनके पिता 1 सितंबर से लापता हैं. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 5 टीमें गठित कर सर्च अभियान शुरू किया है.पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके साथ ही अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी लापता भाजपा प्रत्याशी की तलाश की जा रही है.

ये भी पढ़ें-: निकाय चुनाव में करणी सेना की अपील- 'ना बीजेपी को वोट दो ना कांग्रेस को'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Kotputli Behrod, Rajasthan Nagar Nikay Chunav 2026, Rajasthan Nagar Nikay Chunav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com