जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भाजपा ने युवाओं को संस्कृति से जोड़ने की पहल की है. पार्टी अब ‘जेन-जी' की जगह ‘युवा शक्ति' शब्द का इस्तेमाल करेगी. भाजपा संगठन का मानना है कि भारतीय संस्कृति और पार्टी की विचारधारा के अनुरूप युवाओं के लिए ‘युवा शक्ति' शब्द अधिक उपयुक्त है. जेन-जी शब्द नहीं बोलने के लिए कहा गया है.
युवा शक्ति बोला जाएगा
भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को जयपुर संभाग के नेताओं की बैठक में संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को ‘जेन-जी' शब्द का इस्तेमाल नहीं करना है. युवाओं को ‘युवा शक्ति' कहकर संबोधित किया जाएगा.
बैठक में स्थानीय मुद्दों पर चर्चा
बैठक में निकाय चुनाव की तैयारियों और स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई. नेताओं को निर्देश दिए गए कि जिन वार्डों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और सड़कों से जुड़े काम लंबित हैं, उन्हें जल्द पूरा कराया जाए. बैठक में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए.
यूडीएच के कामकाज पर नाराजगी
बैठक के दौरान यूडीएच विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर कुछ पदाधिकारियों ने नाराजगी भी जताई. पदाधिकारियों का कहना था कि विभाग में उनकी सुनवाई नहीं हो रही और कई स्थानीय काम लंबे समय से अटके हुए हैं. इसके बाद यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने विधायक, सांसद और जिलाध्यक्षों की जिम्मेदारियों को लेकर अलग-अलग निर्देश दिए.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में झमाझम बारिश, सड़कों पर भरा पानी; निचली कॉलोनियों में बढ़ी परेशानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं