भारत-पाकिस्तान बॉर्डर से सटे बाड़मेर जिले के एक इलाके में बम जैसी वस्तु में विस्फोट होने का मामला सामने आया है. धमाके में मां व बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. जिनको स्थानीय लोगों ने बाड़मेर मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया. जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जोधपुर रेफर कर दिया है. बताया जा रहा है कि युद्ध के दौरान बारूद जमीन में रह गए थे. इस बार ज्यादा बारिश हुई और गड्ढे पड़ गए, जिसके बाद अब यह बाहर निकल आया.
बमनुमा वस्तु को बच्चा ले आया घर
जानकारी के अनुसार, घटना भारत पाक बॉर्डर स्थित बीजराड़ थाना क्षेत्र के भीलों का तला गांव की है. जहां पर 5 वर्षीय मासूम भेराराम पुत्र श्रवण कुमार को बकरियां चराने के दौरान बमनुमा वस्तु मिली थी. जिसको वह खेलने के लिए अपने घर लेकर आ गया था. आज सुबह जब घर के बाहर खेल रहा था और उसने उस वस्तु को पत्थर पर मार दिया, जिसके बाद जोरदार धमाका हो गया.
विस्फोट इतना तेज था कि मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं उसकी मां फूली देवी को भी चोटें आई हैं. विस्फोट की आवाज सुनने के बाद स्थानीय लोग भाग कर मौके पर पहुंचे और दोनों ही घायलों को बाड़मेर अस्पताल पहुंचाया, जहां से जोधपुर रेफर कर दिया है. घायल मासूम के परिजन गोरधन राम ने बताया कि बॉर्डर इलाके में 1965-71 के युद्ध के दौरान बारूद जमीन रह गया था.
बारिश के चलते जमीन से बाहर निकलने की संभावना
इस बार बाड़मेर में बारिश अधिक हुई और जगह-जगह गड्ढे हो गए. जिसके बाद उन गड्ढे में पुरानी दबी हुई बमनुमा वस्तु बाहर निकाल कर आ गई, जिसे मासूम खेलने के लिए घर लेकर आ गया था. बाड़मेर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य ने बताया कि हादसे की सूचना के बाद बीजराड़ थाना अधिकारी को मौके पर भेज दिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
शनिवार को बारूद में ब्लास्ट से किसान की मौत
इससे पहले शनिवार को बाड़मेर में विस्फोट होने से 3 लोग चपेट में आए थे. उनमें से एक किसान की मौत हो गई, जबकि किसान की पत्नी और बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके अलावा एक पड़ोसी भी विस्फोट की चपेट में आया था. जानकारी के मुताबिक, 22 अगस्त को बाड़मेर जिले के नागाणा थाना क्षेत्र स्थित खींपसर गांव में फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले जंगली सुअरों को भगाने के लिए विस्फोटक पदार्थ तैयार किया जा रहा था. इसी दौरान अचानक से ब्लास्ट होने से किसान मानाराम के चिथड़े उड़ गए. वहीं उनकी पत्नी, बच्ची व पड़ोसी गंभीर रूप से घायल हो गए.
यह भी पढे़ं-
राजस्थान के बाड़मेर में बड़ा धमाका, एक ही मौत; पत्नी- बच्ची समेत 3 की हालत गंभीर
कोटा में 5 साल की मासूम बच्ची पर कुत्ते का हमला, सिर-पीठ, हाथ में बुरी तरह नोंचा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं