विज्ञापन

श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में पाकिस्तान और हनीट्रैप कनेक्शन, आतंकियों ने महिला को फंसाया, ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे

राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए ब्लास्ट मामले में पंजाब के गुरुदासपुर से दो अहम गिरफ्तारियां हुई हैं, जिसमें एक महिला भी शामिल है. इस घटना में पाकिस्तान का कनेक्शन सामने आया है.

श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में पाकिस्तान और हनीट्रैप कनेक्शन, आतंकियों ने महिला को फंसाया, ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे
श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में पाकिस्तान का कनेक्शन का आया सामने (फोटो:NDTV)
  • राजस्थान के श्रीगंगानगर में तीन नवंबर को रेलवे ट्रैक पर हुआ ब्लास्ट आतंकवादी साजिश था.
  • पुलिस के अनुसार यह हमला पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर किया गया था.
  • राजस्थान ATS और श्रीगंगानगर पुलिस ने पंजाब पुलिस के सहयोग से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया.

राजस्थान के श्रीगंगानगर में 3 नवंबर के दिन रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट हुआ था. इस घटना में पाकिस्तान का कनेक्शन सामने आया है. यह एक आतंकी साजिश थी, पुलिस के मुताबिक, यह कोई मामूली धमाका नहीं था, बल्कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर किया गया आतंकी हमला था. इस मामले में राजस्थान ATS और श्रीगंगानगर पुलिस की संयुक्त टीम ने पंजाब पुलिस के सहयोग से गुरदासपुर से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में एक महिला भी शामिल है. पुलिस इनसे पूछताछ करेगी, जिसमें कुछ अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं. 

पंजाब के गुरुदासपुर से 2 गिरफ्तार

पंजाब के गुरुदासपुर से 21 साल की महकदीप कौर और 22 साल के दविंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया है. दोनों गुरदासपुर जिले के ही रहने वाले हैं और लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे, पुलिस के मुताबिक महकदीप अपने पति से अलग होकर रह रही थी, उसका पति नशे की तस्करी के आरोप में जेल में बंद है. दोनों को शनिवार शाम को गुरदासपुर से गिरफ्तार कर श्रीगंगानगर लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है. इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन, एएसपी गंगानगर नितिन चौधरी, एएसपी एटीएस मनीष शर्मा और सुरेंद्र सिंह और गुरदासपुर के एसपी आदित्य ने किया.

महिला को हनीट्रैप में फंसाया 

इस घटना में हनीट्रैप का मामला भी सामने आया है. पुलिस के मुताबिक पकड़ी गई महिला पाकिस्तान के 2 हैंडलर्स के संपर्क में थी, एक हैंडलर का नाम 'चाचा' जबकि दूसरे का नाम 'शाह' बताया जा रहा है. आरोप है कि पाकिस्तानी हैंडलर ने महिला से रोमांटिक बातें कर और उसे पैसे देकर ट्रैप किया था, महिला के बैंक खाते में पाकिस्तान से पैसे भेजे जाने की भी जानकारी सामने आई है. जांच में यह भी पता चला है कि रेलवे ट्रैक पर धमाका करने के लिए महिला को पैसे मिले थे. पुलिस के मुताबिक ISI की साजिश का ये नया ट्रेंड है, ISI के हैंडलर ऐसी अकेली, कमजोर और आर्थिक तंगी से जूझ रही महिलाओं को टारगेट करते हैं. पहले उनसे रोमांटिक बातें की जाती हैं, फिर पैसों का लालच दिया जाता है और धीरे-धीरे उन्हें जासूसी और आतंकी वारदातों में धकेल दिया जाता है. 

पुलिस ने बताया कि इससे पहले श्रीगंगानगर की रहने वाली एक बबीता नाम की महिला को भी ISI ने ऐसे ही ट्रैप किया था, बबीता को भी रोमांटिक बातों और पैसों के जरिए अपने जाल में फंसाया गया था. अब महकदीप के मामले में भी वही पैटर्न सामने आया है, जिससे साफ है कि ISI भारत में अकेली महिलाओं को हथियार बनाकर रेलवे, सेना और अन्य संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाने की साजिश रच रही है. 

ये वीडियो भी देखिए

महकदीप के पास मिले हथियार

पुलिस के मुताबिक महिला के पास से 2 हथियार, 46 कारतूस और 30 हजार रुपये बरामद हुए हैं, माना जा रहा है कि ये 30 हजार रुपये ब्लास्ट के लिए ही दिए गए थे. इसके अलावा पुलिस ने तीन अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है, इन पर आरोपियों को ठहरने की जगह देने, बाइक उपलब्ध कराने और घटनास्थल तक पहुंचाने में मदद करने का शक है. जांच में सामने आया है कि वारदात से पहले दोनों आरोपी श्रीगंगानगर के एक स्थानीय होटल में रुके थे। वहीं से उन्होंने रेकी की और फिर वारदात को अंजाम दिया. 

3 नवंबर को श्रीगंगानगर में हुआ था ब्लास्ट

3 नवंबर को श्रीगंगानगर के रेलवे ट्रैक पर रात करीब 9 बजकर 45 मिनट पर श्रीगंगानगर के रामसिंहपुर के पास ब्लास्ट हुआ था. गांव 50 जीबी के नजदीक अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर यह धमाका हुआ था. धमाके में दो स्लीपर टूट गए थे, रेल की पटरी क्षतिग्रस्त हो गई थी और करीब ढाई फीट गहरा गड्ढा बन गया था. सबसे डराने वाली बात यह थी कि धमाके से करीब 75 मिनट पहले ही इसी ट्रैक से अनूपगढ़-सूरतगढ़ पैसेंजर ट्रेन गुजरी थी. अगर धमाका कुछ देर पहले होता तो बड़ा हादसा हो सकता था और सैकड़ों यात्रियों की जान जा सकती थी. पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में और कौन-कौन शामिल है. फिलहाल दोनों मुख्य आरोपियों से एटीएस और जिला पुलिस गहन पूछताछ कर रही है, हिरासत में लिए गए तीनों सहयोगियों से भी पूछताछ की जा रही है.

ये भी पढे़ंः श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट: क्या ट्रायल था या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा? NIA सहित कई एजेंसी जांच में जुटी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sriganganagar Rajasthan, Railway Track Blast, Sriganganagar News, Rajasthan News, Rajasthan Today News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com