राजस्थान के बांसवाड़ा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. बाहर कमाने का गया पति अचानक सूचना मिलने पर घर लौटकर आया. जब घर पहुंचा तो जो नजारा देखा, उसका कलेजा फट गया. घर के आंगन में उसकी पत्नी का शव पड़ा हुआ था और पास में ही उसका 6 महीने का मासूम मां को ढूढ़ रहा था. यह सब पति से देखा नहीं गया और वह सदमे में आ गया. अगले दिन उसने त होकर जहरीली दवा पीकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने की कोशिश कर डाली. इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है.
सांप के काटने से पत्नी की हुई थी मौत
घटना बांसवाड़ा में सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के शक्करवाड़ा गांव की है. गांव की रहने वाली सुनीता को बुधवार को खेत पर काम के दौरान जहरीले सांप ने डस लिया था. घर वाले तुरंत उसे अस्पताल लेकर गए, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका. इसके बाद बाहर कमाने गए उसके पति सुनील को सूचना दी गई. किसी तरह से वह भी परेशान और बदहवास हालत में घर पहुंचा. सुनीता का पति सुनील गुजरात में मजदूरी करने गया था.
पत्नी की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सका पति
जैसे ही सुनील घर में पहुंचा तो आंगन में पत्नी का निर्जीव शरीर और उसकी गोद से हमेशा चिपका रहने वाला छह महीने का मासूम देखकर पूरी तरह टूट गया. पत्नी की असमय मौत और मासूम बेटे के सिर से मां का साया उठ जाने का दर्द वह सहन नहीं कर सका. परिजनों के अनुसार, पत्नी की मौत के बाद से सुनील गहरे सदमे में था.
शुक्रवार दोपहर उसने आवेश में आकर जहरीली दवा का सेवन कर लिया. जैसे ही इसकी जानकारी परिजनों को मिली, गांव में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीण और परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है.
जिंदगी-मौत से जूझ रहा मासूम बच्चे का पिता
सुनील के चचेरे भाई राजू ने बताया कि दोनों पति-पत्नी का जीवन सामान्य और खुशहाल था. छह महीने के बेटे के साथ उनका छोटा-सा परिवार था, लेकिन एक जहरीले सांप के डसने से कुछ ही पलों में पूरा परिवार बिखर गया. अब मासूम की मां इस दुनिया में नहीं है और पिता जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है.
यह भी पढे़ं-
बेटियों की शादी के लिए रखे थे जेवरात, चोर उड़ा ले गए 32 तोला सोना, 15 तोला चांदी और 12.85 लाख कैश
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा: भाई-बहन समेत तीन की मौत, जयपुर से फरीदाबाद जा रहे थे सभी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं