केंद्रीय समाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले जयपुर दौरे पर हैं. उन्होंने जयपुर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों की बैठक ली. इस मीटिंग में राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत भी मौजूद रहे. पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने अशोक गहलोत के बयान पर भी पलटवार भी किया और कहां कि मैं बीजेपी के साथ हूं, मुझे कोई परेशानी नहीं है.
केंद्रीय मंत्री का राहुल गांधी से सवाल
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की. प्रदेश में केंद्र की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया. इस दौरान उन्होंने कहा, "राहुल गांधी बार-बार मांग कर रहे थे कि ओबीसी को जातिवार जनगणना करो. उनकी सरकार इतने साल रही, तब जनगणना क्यों नहीं की? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जातिवार जनगणना करने का निर्णय लिया है."
अठावले बोले- हम मोदीजी की छाया में हैं
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सभी क्षेत्रीय पार्टियों को एक साथ इंडिया गठबंधन में आने के बयान पर अठावले ने कहा कि मोदीजी की छाया में हम लोग हैं. NDA में बहुत पार्टियां हैं, इसमें दक्षिण से कई दल शामिल हैं. भाजपा कई साल सत्ता में बाहर रही. कई पार्टियां उसके बाद भाजपा के साथ आई हैं. मेरी पार्टी भाजपा के अंब्रेला में है. मैं इतने वर्षों से भाजपा के साथ हूं, मुझे नहीं लगता कोई परेशानी है.
गहलोत ने राउत के बयान का किया था समर्थन
दरअसल, शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने कहा था कि कांग्रेस से अलग होकर बनी सभी क्षेत्रीय पार्टियों को वापस कांग्रेस में शामिल हो जाना चाहिए. गहलोत ने राउत के सुझाव का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि लोकतंत्र इस समय बहुत बड़े खतरे में है. कांग्रेस से अलग होकर क्षेत्रीय दल बनने वाली सभी पार्टियों को पुनः कांग्रेस में शामिल हो जाना चाहिए और पूरे दिल से राहुल गांधी को अपना नेता स्वीकार करना चाहिए.
यह भी पढ़ेंः कांग्रेस से अलग हुए सभी दलों की घर वापसी हो, राहुल गांधी को दिल से माने नेता: अशोक गहलोत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं