विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) नेता विनोद बंसल ने एआईएमआईएम नेता के लाल किले पर हरा झंडा फहराने और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भाजपा और आरएसएस पर बयानों पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने राहुल गांधी को नसीहत दी है कि अगर वह आरएसएस को समझ लेंगे तो सच्चे इंसान बन जाएंगे.
राहुल गांधी के भाजपा-आरएसएस को लेकर दिए गए बयान पर विनोद बंसल ने कहा, "मुझे यह बहुत हास्यास्पद लगता है. जिस व्यक्ति के बयान पर आप चर्चा कर रहे हैं, उसका धर्म, आध्यात्मिकता, सभ्यता या संस्कृति से कोई लेना-देना नहीं है. जिसे धर्म या आध्यात्मिकता की बुनियादी बातें तक नहीं पता, मुझे समझ नहीं आता कि वह इतने भारी-भरकम शब्द कहां से लाता है या उसके लिए ये शब्द कौन ढूंढ़ता है. आखिरकार, यह एक ऐसा व्यक्ति है जिसने कभी भारत को न तो समझा और न ही अपनाया. उनकी मां ने कई दशकों बाद भारत की सदस्यता और नागरिकता ली थी और आज भी उन्हें कट्टर ईसाइयों का एक बड़ा नेता माना जाता है. जिस दिन आप (राहुल गांधी) आरएसएस और उसके संगठनों को समझ लेंगे, उस दिन आप एक सच्चा इंसान बन जाएंगे."
उन्होंने कहा कि उन्हें (राहुल गांधी) लोकसभा में विपक्षी नेता के पद पर ध्यान देना चाहिए. यह भारतीय संविधान का सम्मानित पद होता है.
AIMIM के लखनऊ जीतने के दावे पर क्या बोले विनोद बंसल
एआईएमआईएम-आजाद समाज पार्टी के बीच गठबंधन के बीच एआईएमआईएम नेता ने कहा है कि पहले नवाबों के शहर लखनऊ में पार्टी का परचम लहराएगा और बाद में लाल किले पर हरा परचम लहराएगा. इस टिप्पणी पर वीएचपी नेता विनोद बंसल ने कहा कि ये लोग फालतू के फितूर और दिवा स्वप्न पालने में लगे हुए हैं. उत्तर प्रदेश में प्रवेश क्या हुआ, ये भूल गए कि पिछले चुनाव में सारी सीटों पर जमानत जब्त हो गई थी. ये जिन्नावादी सोच और मुगलिया सल्तनत वाला दिमाग में पाले बैठे हैं, यह बात अब पता चली है.
उन्होंने कहा कि देश की राजधानी और लाल किले से कुछ ही दूरी पर दिया गया ये वीभत्स बयान किसी छुट भैय्या का कहा जा सकता है, लेकिन भड़काऊ भाईजान का प्रवक्ता ऐसे बोले, जिसके लीडर संविधान-न्यायतंत्र और कानून की दुहाई देते रहते हैं, वह लालकिले पर हरा झंडा फहराने की तैयारी में हैं. यह बयान बड़ा गंभीर है. इससे इनकी मुगलिया और भारत विरोधी-संविधान विरोधी सोच खतरनाक है. इस बयान पर पार्टी प्रमुख को अविलंब वक्तव्य देकर बताना चाहिए कि ऐसा नेता उस पार्टी का नहीं हो सकता है. ऐसे व्यक्ति पर केस दर्ज होना चाहिए. ओवैसी को देश से क्षमा मांगनी चाहिए और उस नेता को पार्टी से निकाल देना चाहिए.
यह भी पढ़ें: योगी सरकार के कामकाज पर चुनाव लड़ेगी भाजपा, UP 2027 के लिए पार्टी ने बनाया 'ट्रिपल S' प्लान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं