राजस्व मंडल राजस्थान के जर्जर भवन को लेकर कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ गया है. गुरुवार को राजस्व मंडल में काम के दौरान डिप्टी फाइनेंशियल एडवाइजर (डीएफए) अरुणिमा सिन्हा के चैंबर की छत का प्लास्टर अचानक टूटकर उनके सिर पर गिर गया. हादसे में उनके सिर पर चोट लगी और खून बहने लगा. कर्मचारियों ने तत्काल उन्हें सैटेलाइट अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया. प्लास्टर गिरने से कमरे में रखा प्रिंटर और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है.
500 कर्मचारियों ने की पेन डाउन हड़ताल
घटना के बाद राजस्व मंडल के करीब 500 कर्मचारियों ने पेन डाउन हड़ताल कर विरोध जताया. कर्मचारियों ने प्रशासन से जर्जर भवन को सुरक्षित कराने और हादसों की आशंका को दूर करने की मांग की. कर्मचारियों का कहना है कि भवन की हालत लंबे समय से खराब है और लगातार खतरा बना हुआ है. विभागीय समिति के अनुसार राजस्व मंडल का भवन पिछले 4-5 वर्षों से जर्जर स्थिति में है.
पीछे की बिल्डिंग को पहले ही अनसेफ घोषित किया जा चुका है, इसके बावजूद वहां कामकाज जारी रहने पर सवाल उठ रहे हैं. राजस्व मंडल अध्यक्ष अजय गुर्जर ने कहा कि केवल निरीक्षण से समस्या का समाधान नहीं होगा, प्रशासन को ठोस निर्णय लेना होगा. अजय गुर्जर के अनुसार, यहां प्रतिदिन करीब 500 कर्मचारी, अधिकारी, वकील और बड़ी संख्या में पक्षकार आते हैं.
नए भवन के लिए जमीन और बजट का इंतजार
ऐसे में भवन की सुरक्षा को लेकर तत्काल निर्णय जरूरी है. राजस्व मंडल के लिए करीब 150 करोड़ रुपए की लागत से नए भवन की घोषणा हो चुकी है, लेकिन जमीन और बजट का इंतजार बताया जा रहा है. कर्मचारियों ने मांग की है कि नए भवन की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को टाला जा सके.
यह भी पढे़ं-
एग्जाम में 8-8 बार फेल, विदेश से MBBS, 25-30 लाख देकर फर्जी सर्टिफिकेट से डॉक्टर बन करने लगे इलाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं