विज्ञापन

IND vs SL: स्पिन, हवा और उमस का ट्रिपल अटैक! भारत की असल परीक्षा, जानें पिच से लेकर प्लेइंग 11 तक

मैच के दौरान बीच-बीच में बारिश होने की प्रबल संभावना है. यहीं नहीं खेल के दौरान मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा. समुद्र के किनारे स्थित होने की वजह से तेज हवाओं का भी सामना करना पड़ेगा.

IND vs SL: स्पिन, हवा और उमस का ट्रिपल अटैक! भारत की असल परीक्षा, जानें पिच से लेकर प्लेइंग 11 तक
भारत बनाम श्रीलंका

क्रिकेट प्रेमियों के इंतजार का पल समाप्त होने के बेहद करीब है. भारत और श्रीलंका के बीच खेले जाने वाले दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज कल (15 अगस्त 2026) से हो रहा है. सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से 19 अगस्त के बीच गॉल स्थित गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. अहम मुकाबले के लिए दोनों टीमें तैयार हैं. भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाने वाला कल का टेस्ट मुकाबला गॉल में खेला जाने वाला 50वां टेस्ट मुकाबला है, जो कि किसी भी एशियाई मैदान पर सबसे ज्यादा खेला जाने वाला टेस्ट मैदान है. भारतीय टीम की मंशा रहेगी कि वह इस ऐतिहासिक मैदान पर जीत के साथ सीरीज का आगाज करे. कैप्टन शुभमन गिल ने भी मैच से पहले अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं. उन्होंने मैच से एक दिन पूर्व कहा, 'नौ टेस्ट मैच खेलने हैं और उनमें से छह या सात मैच जीतने हैं.'

हालांकि, सीरीज के दौरान श्रीलंकाई टीम भी जीत हासिल करने के लिए एड़ी चोटी का दम लगाएगी. पिछले साल नवंबर महीने में प्रोटियाज टीम ने भारतीय परिस्थितियों में ब्लू टीम को शिकस्त दी थी. जिससे श्रीलंकाई टीम भलीभांति वाकिफ है. उसे भी उस सीरीज से एहसास हो गया है कि भारतीय टीम को उपमहाद्वीप परिस्थितियों में हराया जा सकता है. वेस्टइंडीज में सीरीज हारकर आ रही श्रीलंकाई टीम का मनोबल जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में जरूर बढ़ा होगा. 

मौजूदा समय में भारतीय टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है. हाल के समय में युवा खिलाड़ियों को स्पिन के खिलाफ काफी दिक्कतों का सामना करना है. गिल एंड कंपनी की कोशिश रहेगी कि वह हालिया कमजोरियों की कहानी को यहां बदले. गाले की विकेट पर बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए काफी मशक्कत का सामना करना पड़ता है. यहां स्पिनरों को अतिरिक्त उछाल मिलती है. जिससे करीब खड़े फील्डरों की भूमिका काफी अहम हो जाती है. यहां बल्लेबाजों के धैर्य की परीक्षा होगी. यहां समय, संयम और एकाग्रता की काफी जरूरत पड़ेगी.

मैच के बारे में प्रमुख बातें

कब खेला जाएगा मैच? 

पहला टेस्ट मुकाबला 15 से 19 अगस्त 2026 के बीच खेला जाएगा. 

कहां खेला जाएगा? 

पहला टेस्ट मुकाबला गॉल में स्थित गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. 

कितने बजे शुरू होगा मैच? 

पहला टेस्ट मुकाबला भारतीय समयानुसार भारतीय 10 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस के लिए दोनों टीमों के कप्तान मैदान में आधे घंटे पहले यानी साढ़े नौ बजे आएंगे. 

टीवी पर कहां देखें लाइव?

पहला टेस्ट मुकाबला आप सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव देख पाएंगे. 

ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग कहां होगी?

पहले टेस्ट मुकाबले की ऑनलाइन मजा आप सोनीलिव पर उठा सकते हैं.

फ्री में कैसे देखें भारत बनाम श्रीलंका मैच? 

पहले टेस्ट मुकाबले का फ्री में आनंद आप DD स्पोर्ट्स पर DD फ्री डिश पर उठा सकते हैं.

पिच और मौसम रिपोर्ट

मैच के दौरान बीच-बीच में बारिश होने की प्रबल संभावना है. यहीं नहीं खेल के दौरान मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा. समुद्र के किनारे स्थित होने की वजह से तेज हवाओं का भी सामना करना पड़ेगा. जिससे स्पिनरों को गेंद घुमाने और ड्रिफ्ट कराने में खूब मदद मिलेगी. गॉल में स्पिनरों के मदद मिलने के खूब आसार हैं. शुरुआती दो दिनों में बल्लेबाजी के लिए पिच के अनुकूल रहने की उम्मीद है. 

पहले टेस्ट के लिए श्रीलंका की संभावित प्लेइंग इलेवन 

निशान मदुशका, लाहिरु उदारा, दिनेश चांदीमल, कमिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), सोनल दिनुषा, केशारा नुवंथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरु कुमारा और विश्वा फर्नांडो. 

पहले टेस्ट मुकाबले के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन 

यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल, ध्रुव जुरेल, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा/गुरनूर बरार. 

दिलचस्प आंकड़े 

- गॉल में खेले गए टेस्ट मैचों में ड्रॉ का प्रतिशत 14.28% है, जो कम से कम 30 टेस्ट मेजबान मैदानों में तीसरा सबसे कम है.
- 2014 के बाद से यहां खेले गए 27 टेस्ट में से केवल एक मैच ड्रॉ रहा है, जो बारिश की वजह से हुआ था. 
- रवींद्र जडेजा टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट पूरे करने से सिर्फ दो विकेट दूर हैं. 
- भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पिछले 10 टेस्ट में से आठ मैच जीते हैं और दो ड्रॉ रहे हैं. 
- श्रीलंका ने भारत के खिलाफ अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला 2015 में गॉल में हासिल की थी. 

दोनों टीमों के कप्तानों का बयान

शुभमन गिल (भारत)

'खुले मैदानों में हवा कई बार बड़ी भूमिका निभाती है. बल्लेबाज के तौर पर टीम मीटिंग में हम इसपर चर्चा करते हैं. अगर किसी स्पिनर के खिलाफ रन बनाना है तो देखना होगा कि हवा हमारे पक्ष में है या हमारे खिलाफ. भारत के ज्यादातर मैदान स्टैंड्स से घिरे होते हैं, लेकिन खुले मैदानों में हवा खेल को काफी प्रभावित करते हैं.'

धनंजय डी सिल्वा (श्रीलंका)

'गॉल का मैदान विकेटकीपिंग के लिए काफी मुश्किल जगह है. मैच के दौरान हमें अपना सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर चाहिए था. चयनकर्ताओं और मुख्य कोच से चर्चा के बाद हमें लगा कि डिकवेला सही विकल्प साबित होंगे. 

दोनों टीमों का स्क्वाड

भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, सरफराज खान, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकिब नबी, ध्रुव जुरेल, गुरनूर बरार और सारांश जैन. 

श्रीलंका: निशान मदुशका, लाहिरु उदारा, दिनेश चांदीमल, कमिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), पसिंदु सूरियाबंदारा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), रमेश मेंडिस, प्रभात जयसूर्या, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका, विश्वा फर्नांडो, लाहिरु कुमारा, सोनल दिनुषा, मिलान प्रियनाथ रत्नायके और केशारा नुवंथा. 

यह भी पढ़ें- IPL 2027: हार्दिक पंड्या के लिए कौन सी टीम बेस्ट? KKR के स्टार ने बता दिया नाम, बोला वहीं मिलेगी आजादी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Sri Lanka, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com