पंजाब के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी ने कहा कि मैं सिर्फ मुसलमानों को ही नहीं, बल्कि सभी पंजाबियों को यह कहना चाहता हूं कि जब भी पंजाब में चुनाव आते हैं, तो बेशुमार आजाद उम्मीदवार चुनाव लड़ने की तैयारी करने लग जाते हैं. उन्होंने कहा कि जब मैं इस समागम में शामिल होने के लिए आ रहा था, तो रास्ते में मैंने 100 से अधिक एमएलए के पोस्टर पढ़े. शाही इमाम ने कहा कि चुनाव लड़ना बुरी बात नहीं है. हर व्यक्ति को हक है कि वह मैदान में उतरे. लेकिन जिंदा कौमों का हक है कि जो लोग पारंपरिक पार्टियों से चुनाव लड़ रहे हैं, उनके मुकाबले पर ध्यान दें.
उन्होंने सभी पंजाबियों को सलाह देते हुए कहा कि हम उन उम्मीदवारों को ताकतवर समझेंगे, जो पिछले 10-15 सालों से गली-मोहल्ले में लोगों की सेवा में लगे हों और हर किसी का दुख-सुख बांटते रहे हों. उन्होंने कहा कि मैं यह अहम बात समझा रहा हूं कि जो व्यक्ति हमारे दुख-सुख में साथ रहा है, उसे उसकी पार्टी ने नहीं पूछा और वह आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव में खड़ा हो गया, तो हमारा भी हक बनता है कि हम उसके साथ डटकर खड़े हो जाएं. लेकिन अगर आपको यह नजर आ रहा है कि कुछ उम्मीदवार चुनाव में इसलिए खड़े हैं कि वे अपनी बिरादरी के चार-पांच सौ वोट ले जाएंगे, तो यह बात अच्छी तरह समझ लीजिए कि वह किसी के कहने पर चुनाव में खड़ा होकर उसे फायदा पहुंचाना चाहता है.
शाही इमाम ने कहा कि ऐसे लोग समाज के लिए बहुत बड़ा खतरा हैं, क्योंकि ऐसे लोग कुछ पैसों की खातिर हमारी वोटों का सौदा करते हैं, ताकि हम जिस पार्टी को सरकार में लाना चाहते हैं, उसे नुकसान पहुंचाया जा सके. उन्होंने कहा कि मैं इसलिए यह सलाह दे रहा हूं, मुझे किसी उम्मीदवार से कोई तकलीफ नहीं है. उन्होंने कहा कि मैं एक बार दिल्ली के विधानसभा चुनाव में यह सब कुछ बहुत नजदीक से देख चुका हूं कि किस तरह राजनीतिक पार्टियां समाज की हर बिरादरी से उम्मीदवार उतारती हैं. अंत में शाही इमाम ने कहा कि मैं पंजाब वासियों से कहना चाहता हूं कि अपनी आंखें खुली रखें, जमीर जगाकर रखें. अपने राज्य के लिए, अपनी मिट्टी के लिए, अपने वतन के लिए, अपने जमीर के लिए, अपने बच्चों के लिए और अपने भविष्य के लिए आगे बढ़ना है. हमें किसी राजनीतिक पार्टी से कोई नफरत नहीं है. पंजाब के लोग हमेशा से चाहते हैं कि भाईचारा बना रहे और सभी धर्मों का आदर होता रहे.
ये भी पढ़ें : Outlook से Teams तक डाउन, दुनियाभर में कोहराम, Microsoft ने ईमेल टाइमआउट बढ़ाकर 48 घंटे किया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं