- आम आदमी पार्टी ने पंजाब में अपनी उम्मीदवारों की नई सूची में कई आश्चर्यजनक नाम शामिल किए हैं
- जसकंवर सिंह गिल को पार्टी ने पेशेवर पहलवान और इंटरनेशनल स्तर के खिलाड़ी के रूप में टिकट दिया है
- पंजाबी अभिनेत्री और मॉडल सोनिया मान को अमृतसर जिले की राजा सांसी सीट से पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है
आम आदमी पार्टी की पंजाब में आई उम्मीदवारों की नई सूची में कई चौंकाने वाले नाम भी शामिल हैं. इस लिस्ट में इंटरनेशनल लेवल पर पहचान रखने वाले जसकंवर सिंह गिल उर्फ जस्सा पट्टी को टिकट मिला है, जो पेशेवर पहलवान रहे हैं. इसे अलावा पंजाबी एक्ट्रेस और मॉडल सोनिया मान को भी मौका मिला है. उन्हें पार्टी ने अमृतसर जिले की राजा सांसी सीट से उतारा गया है. सोनिया मान ने बीते साल फरवरी में ही आम आदमी पार्टी का दामन थामा था. वह पंजाबी मूवी के अलावा हिंदी समेत कई अन्य भाषाओं की फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं.
इस सूची में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां को टिकट नहीं दिया गया है. उनके ही भतीजे रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां को चांस मिला है. उनके समेत कुल 8 विधायकों के टिकट काटे गए हैं. एक चर्चित नाम डॉ. चरणजीत सिंह का भी है, जो चमकौर साहिब से विधायक हैं. उनका टिकट काट दिया गया है और उनकी जगह पर जसवीर सिंह गढ़ी को मौका मिला है. वह बहुजन समाज पार्टी छोड़कर आए थे. इस तरह अपने विधायक का पत्ता काटकर आम आदमी पार्टी ने बाहरी नेता पर दांव लगाया है.
बरनाला से गुरमीत सिंह मीत हेयर को उम्मीदवार बनाया, फिलहाल गुरमीत सिंह मीत हेयर लोकसभा सांसद है. इसके अलावा एक और लोकसभा सांसद राज कुमार चब्बेवाल को भी विधानसभा चुनाव के लिए फगवाड़ा से उम्मीदवार बनाया गया है. जालंधर कैंट से दीपक बाली को चुनावी मैदान में उतारा गया, फिलहाल जालंधर कैंट से प्रगट सिंह विधायक है. खरड़ से अनमोल गगन मान का टिकट कटा, परमिंदर सिंह गोल्डी को खरड़ से उम्मीदवार बनाया गया.
भगवंत मान ने बताया क्यों काटे गए हैं विधायकों के टिकट
इस तरह आम आदमी पार्टी ने कुल 71 उम्मीदवार अब तक उतार दिए हैं और 8 विधायकों के टिकट काटे हैं. इससे पहले 40 विधायकों की पहली लिस्ट जब आई थी तो उसमें सभी मौजूदा विधायकों को रिपीट किया गया था, लेकिन इस बार ऐसा नहीं किया गया है. इस संबंध में भगवंत मान ने कहा कि हमने उन विधायकों को रिपीट नहीं किया है, जिनका परफॉर्मेंस सही नहीं था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं