- पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने अपनी गतिविधियों में तेजी लाते हुए यात्राओं पर विशेष जोर दिया है
- चन्नी और प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह अलग-अलग यात्राएं निकालकर युवाओं को नशे से बचाने का संदेश दे रहे हैं
- ये यात्राएं पार्टी की मिलीजुली रणनीति का हिस्सा और टिकट वितरण में व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा भी छिपी हो सकती है
पंजाब में विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अपनी गतिविधियां काफी तेज कर दी हैं. अब पंजाब में कांग्रेस का यात्राओं पर जोर है. इसलिए अभी एक तरफ जहां प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह 'पंजाब मांगदा इंसाफ' नाम से एक यात्रा निकाल रहे हैं तो वहीं पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी साइकिल से अपनी अलग यात्रा पर निकले हुए हैं. चन्नी ने अपनी यात्रा को लेकर एनडीटीवी से खास बातचीत में कहा कि 'यह यात्रा किसी ओहदे या सत्ता के लिए नहीं बल्कि पंजाब के युवाओं को दलदल से निकालने के लिए है. मेरा लक्ष्य है कि पंजाब में अच्छी सरकार बने.'
सीएम के चेहरे का ऐलान नहीं किए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि ये पार्टी नेतृत्व की ज़िम्मेदारी है. सिपाही के तौर पर मैं वहीं करूंगा जो पार्टी चाहती है. पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष परगट सिंह और प्रभारी सचिन पायलट के साथ मिलकर काम करने और 'ऑल इज वेल' का संदेश दिया.' अब सबसे बड़ा सवाल ये कि एक ही पार्टी के दो अलग-अलग नेताओं की यात्रा से कांग्रेस को नुकसान होगा या फायदा? वैसे देखा जाए तो दोनों यात्राओं का उद्देश्य भी एक ही है जैसे नशा से युवाओं को बचाना और मौजूदा भगवंत मान सरकार की विफलताओं को जनता के सामने लाना.मगर जानकार इस दोनों यात्राओं को अलग-अलग नजरिए से देखते हैं.
पंजाब की राजनीति पर नजर रखने वाले वरिष्ठ स्वतंत्र पत्रकार जगमीत सिंह सिंधु का कहना है कि 'यह कांग्रेस की मिश्रित रणनीति का भी हिस्सा हो सकता है. इस यात्रा में केवल चन्नी और परगट सिंह ही शामिल नहीं है बल्कि कांग्रेस के कई और नेता भी शामिल हो रहे हैं मतलब जिस नेता का जहां प्रभाव है उसे उन इलाकों में कांग्रेस को फायदा होगा.सिंधु का आगे कहना है कि ये यात्रा व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा का भी हिस्सा है जिसमें अपनी ताकत का प्रदर्शन करके अपने परिवार वालों के साथ साथ अपने समर्थकों के लिए टिकट पाने की रणनीति का हिस्सा भी हो सकता है.'
वहीं पंजाब के एक और वरिष्ठ स्वतंत्र पत्रकार रतनदीप सिंह धालीवाल का कहना है कि 'पंजाब के कांग्रेस नेता अपने आप को मुख्यमंत्री का चेहरा बताने के लिए यात्राएं निकाल रहे हैं यह कांग्रेस के लिए सही नहीं है और इससे नुकसान हो सकता है. यहां पर सब यह साबित करने में लगे हैं कि कौन बड़ा नेता है सबकी निगाहें मुख्यमंत्री की कुर्सी पर है. धालीवाल आगे कहते हैं कि 'परगट अच्छे नेता हैं मगर पंजाब के बाकी कांग्रेसी नेता उन्हें पीछे खींचने के चक्कर में हैं. यह स्थिति तभी ठीक हो सकती है यदि राहुल गांधी इसमें जल्दी से जल्दी पहल करें.'
पंजाब के एक और वरिष्ठ स्वतंत्र पत्रकार जगतार सिंह भुल्लर का कहना है कि 'दोनों यात्राएं 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारी का हिस्सा हैं, लेकिन इनमें पार्टी की एकजुटता और अंदरूनी प्रतिस्पर्धा दोनों साफ दिख रही हैं. ये पारंपरिक चुनावी हथकंडे हैं.असली फर्क तब पड़ेगा जब ये मुद्दों पर ठोस बातचीत और संगठन को मजबूत करने में बदलें, न कि सिर्फ नेताओं की व्यक्तिगत यात्राएं रह जाएं.2022 में कांग्रेस हारी थी; अब AAP की सत्ता विरोधी लहर और अपनी आंतरिक एकता दोनों पर निर्भर करेगा.'
भुल्लर आगे कहते हैं कि 'पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी कभी-कभी दबती है, लेकिन खत्म नहीं होती.' यह पार्टी की पुरानी आदत जैसी हो गई है.असली परीक्षा टिकट वितरण और चुनाव प्रचार के दौरान होगी,अगर तब भी एकजुटता बनी रही तो यह बड़ी उपलब्धि होगी, वरना पुराना पैटर्न दोहराएगा. सचिन को तटस्थ समन्वयक की भूमिका निभानी चाहिए है, नियमित बैठकें बुलाएं, कार्यक्रमों का संयुक्त कैलेंडर बनाएं और जमीनी फीडबैक के आधार पर फैसले लें.आपकी सफलता इसी पर निर्भर करेगी कि टिकट बंटवारे तक एकजुटता बनी रहे. राहुल गांधी की नियमित यात्राएं और एक मंच पर सभी नेताओं को खड़ा करने से संदेश जाता है कि गुटबाजी सहन नहीं होगी.' पंजाब में कांग्रेस के नेता भले ही अलग-अलग यात्रा कर रहे हैं और पार्टी का मानना है कि इससे फायदा ही होगा नुकसान नहीं.इसके अलावा राहुल गांधी की एक खुली बस वाली यात्रा भी होनी है जिसमें पंजाब कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे.कहने का मतलब है कि पंजाब में यात्राओं का दौर अभी लंबा चलने वाला है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं