विज्ञापन

nVIDIA का अगला बॉस क्‍या भारतीय मूल का होगा? रेस में ये 3 दिग्‍गज, एक हैं गूगल क्‍लाउड में CEO, बाकी दो के बारे में भी जानिए

nVIDIA के नए CEO की तलाश में तीन भारतीय मूल के दिग्गजों के नाम चर्चा में हैं. संजय मेहरोत्रा, निकेश अरोड़ा और थॉमस कुरियन की क्‍यों बनती है दावेदारी, जानिए विस्‍तार से.

nVIDIA का अगला बॉस क्‍या भारतीय मूल का होगा? रेस में ये 3 दिग्‍गज, एक हैं गूगल क्‍लाउड में CEO, बाकी दो के बारे में भी जानिए
एनवीडिया के नए सीईओ की दौड़ में कौन-कौन हैं?
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स/Canva

दुनिया की टॉप चिप कंपनी nVIDIA के अगले CEO की तलाश के बीच तीन भारतीय मूल के टेक्नोलॉजी एग्जीक्यूटिव के नाम चर्चा में हैं. इनमें माइक्रोन टेक्नोलॉजी के CEO संजय मेहरोत्रा, पालो ऑल्टो नेटवर्क्स के प्रमुख निकेश अरोड़ा और गूगल क्लाउड के CEO थॉमस कुरियन शामिल हैं. कंपनी के बोर्ड ने कहा है कि स्थायी CEO के लिए आंतरिक और बाहरी दोनों उम्मीदवारों पर विचार किया जाएगा.

कंपनी के को-फाउंडर जेनसन हुआंग के तत्काल प्रभाव से पद छोड़ने के बाद कंपनी के सामने नए CEO की तलाश करने की चुनौती है. हुआंग ने तीन दशक से ज्यादा समय तक कंपनी का नेतृत्व किया. फिलहाल कंपनी की CFO कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO बनाया गया है. 

नए CEO के लिए कितने उपयुक्‍त तीनों भारतीय?

माइक्रॉन टेक्‍नोलॉजी के CEO संजय मेहरोत्रा 

संजय मेहरोत्रा सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री का लंबा अनुभव रखते हैं. वो माइक्रोन टेक्नोलॉजी के CEO हैं. उनके नेतृत्व में कंपनी ने मेमोरी चिप की मांग में तेजी का फायदा उठाया है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार से मेमोरी चिप की मांग बढ़ी है. रिपोर्ट के मुताबिक, उनके कार्यकाल में माइक्रोन के शेयरों में 2,700% से ज्यादा की तेजी आई है.

पालो ऑल्‍टो नेटवर्क्स के CEO निकेश अरोड़ा

निकेश अरोड़ा 2018 से साइबर सिक्योरिटी कंपनी पालो ऑल्टो नेटवर्क्स का नेतृत्व कर रहे हैं. उनके कार्यकाल में कंपनी ने AI आधारित साइबर सिक्योरिटी कारोबार का विस्तार किया है. इससे पहले वो सॉफ्टबैंक के प्रेसिडेंट और COO रह चुके हैं. उन्होंने गूगल में भी करीब एक दशक तक काम किया है.

गूगल क्‍लाउड के CEO थॉमस कुरियन 

थॉमस कुरियन गूगल क्लाउड के CEO हैं. वो क्लाउड कंप्यूटिंग, एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर और AI सेवाओं से जुड़े बड़े कारोबार का नेतृत्व कर रहे हैं. इस भूमिका में उन्हें बड़े पैमाने पर टेक्नोलॉजी ऑपरेशन और कॉरपोरेट ग्राहकों के साथ काम करने का अनुभव मिला है.

CEO की तलाश के लिए बाहरी फर्म की मदद 

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, nVIDIA ने नए CEO की तलाश के लिए एक बाहरी फर्म को भी जिम्मेदारी दी है. कंपनी के लिए ये नियुक्ति आसान नहीं होगी, क्योंकि जेनसन हुआंग ने nVIDIA को ग्राफिक्स चिप बनाने वाली कंपनी से दुनिया की सबसे मूल्यवान टेक्नोलॉजी कंपनियों में शामिल कराने में अहम भूमिका निभाई है.

हुआंग के नेतृत्व में nVIDIA आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए इस्तेमाल होने वाले प्रोसेसर की दुनिया की प्रमुख सप्लायर बन गई. ऐसे में नए CEO के सामने कंपनी की ग्रोथ और AI बाजार में उसकी मजबूत स्थिति बनाए रखने की बड़ी चुनौती होगी.

कंपनी के अंदर और बाहर के इन लोगों पर भी नजर

CEO पद की चर्चा में कंपनी के अंदर के कुछ नाम भी शामिल हैं. इनमें अंतरिम CEO कोलेट क्रेस और वाइस प्रेसिडेंट इयान बक का नाम है. इयान बक ने CUDA सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म को विकसित करने में अहम भूमिका निभाई है. इसी प्लेटफॉर्म ने nVIDIA के ग्राफिक्स प्रोसेसर को आधुनिक AI कंप्यूटिंग के लिए बेहद अहम बना दिया.

बाहरी उम्मीदवारों में Arm के CEO रेने हास और Apple के चीफ हार्डवेयर ऑफिसर जॉनी स्रौजी के नाम भी चर्चा में हैं.

nVIDIA के सामने ऐसे व्यक्ति को चुनने की चुनौती है, जो जेनसन हुआंग की बनाई तकनीकी और कारोबारी विरासत को आगे बढ़ा सके. फिलहाल कंपनी ने नए CEO के नाम पर कोई अंतिम फैसला नहीं किया है. 


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nvidia CEO, Nvidia CEO Jensen Huang, Nvidia CEO News, Nvidia CEO Exit, NVIDIA Ceo Honeytrap Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com