पंजाब में चुनाव से पहले एक बार फिर से प्रदेश में ड्रग्स की समस्या सुर्खियों में है. आरोप है कि राज्य में नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है और कई जगहों पर तो इसकी होम डिलीवरी तक की जा रही है. इस समस्या को लेकर हाल के दिनों में एक शिकायकर्ता ने सुसाइड कर लिया, वहीं एक अन्य ने आत्महत्या की कोशिश की. अब तो पुलिस के पास से ही भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद हो रहे हैं. फिरोजपुर में शनिवार को पंजाब पुलिस के एक इंस्पेक्टर के पास से 3.35 किलो हेरोइन और छह पिस्तौल बरामद हुए. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तार शख्स फिरोजपुर में काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट के इंचार्ज इंस्पेक्टर बलदेव सिंह हैं, जिन्हें 3.35 किलो हेरोइन, छह पिस्तौल और छह मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया है.
इस गिरफ्तारी ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि ड्रग तस्करी से निपटने वाली यूनिट में तैनात अधिकारी पर ही भारी मात्रा में हेरोइन और अवैध हथियार रखने का आरोप लगा है.
फिरोजपुर के SSP भूपिंदर सिंह सिद्धू के अनुसार, बलदेव सिंह को शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को खुफिया जानकारी के आधार पर गिरफ्तार किया गया.
बताया जा रहा है कि इंस्पेक्टर को फिरोजपुर-मोगा रोड पर फिरोजशाह टोल प्लाजा के पास रोका गया. गिरफ्तारी के समय वह कथित तौर पर एक प्राइवेट i20 कार में यात्रा कर रहे थे और सादे कपड़ों में थे.
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उनके पास से 3.35 किलो हेरोइन, छह पिस्तौल और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए. बलदेव सिंह के खिलाफ घल्ल खुर्द पुलिस स्टेशन में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
ड्रग्स और हथियारों के मामले में एक कार्यरत पुलिस इंस्पेक्टर की गिरफ्तारी ने संगठित ड्रग नेटवर्क में कानून लागू करने वाले अधिकारियों की संभावित संलिप्तता को लेकर चिंता खड़ी कर दी है. हालांकि, प्रतिबंधित सामान का असली सोर्स, उसे कहां पहुंचाया जाना था और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है, इसका पता लगाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: 'गांव में चिट्टा बिक रहा है...' मंत्री से शिकायत के बाद मौत: पंजाब में AAP के गले की फांस बना गुलजार का मामला
इसे भी पढ़ें: 'ड्रग्स के खिलाफ बनाया वीडियो तो सरपंच ने पीटा, पुलिस ने कुछ नहीं किया'- DC दफ्तर के सामने पीड़ित ने खाया जहर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं