भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज रविवार (27 सितंबर 2026) से हो रहा है. सीरीज का पहला मुकाबला तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा. मैच से पहले हर किसी की नजर भारतीय प्लेइंग इलेवन पर टिकी हुई है. अगर आप भी भारतीय प्लेइंग इलेवन को लेकर असमंजस की स्थिति में हैं, तो काफी हद तक जवाब भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने दिया है. उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत करते हुए बताया है कि कैसे रोहित शर्मा के साथ साथ यशस्वी जायसवाल को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है.
45 वर्षीय पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने अपना विचार साझा करते हुए कहा, 'मुझे लगता है कि आगामी सीरीज में यशस्वी जायसवाल को नंबर चार पर खिलाया जा सकता है. रोहित के जाने के बाद उन्हें ओपनिंग का मौका तो मिलेगा ही. व्हाइट बॉल फॉर्मेट में आप बल्लेबाजी क्रम में बदलाव कर सकते हैं. मुकाबले के दौरान रोहित-गिल पारी का आगाज कर सकते हैं. वहीं विराट तीसरे स्थान पर और श्रेयस की अनुपस्थिति में जायसवाल चौथे स्थान खेल सकते हैं.'
उन्होंने कहा, 'गायकवाड़ पांचवें, राहुल छठे और जडेजा सातवें नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं. फिर नीतीश कुमार रेड्डी और कुलदीप यादव, उसके बाद तेज गेंदबाज. इस सीरीज में जायसवाल और गायकवाड़ दोनों को सेट किया जा सकता है. व्हाइट बॉल क्रिकेट में उतार-चढ़ाव रहता है. इसलिए जायसवाल को चौथे नंबर पर मौका दें. मेरे हिसाब से यह सीधा-सादा फैसला होना चाहिए.'
वनडे सीरीज का शेड्यूल
पहला वनडे - 27 सितंबर - ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम - तिरुवनंतपुरम
दूसरा वनडे - 30 सितंबर - बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम - गुवाहाटी
तीसरा वनडे - 3 अक्टूबर - महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम - मुल्लांपुर, न्यू चंडीगढ़
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल, ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, औकिब नबी, यशस्वी जयसवाल और नमन धीर.
यह भी पढ़ें- नेपाल के वो 'पंच पांडव', जिनके सामने अफगानिस्तान के सूरमाओं ने टेक दिए घुटने, दुनिया मान रही उनका लोहा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं