पंजाब के लुधियाना जिले के जगराओं में नशे के खिलाफ पंजाब सरकार की 'युद्ध नशे विरुद्ध' मुहिम और पुलिस के सख्त कार्रवाई के दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं. कच्चा मलक रोड स्थित मोहल्ला जीवन नगर में बुधवार को नशे से परेशान महिलाएं निहंग सिखों के साथ सड़क पर उतर आईं. मोहल्ले में पहुंचे निहंग सिखों के काफिले को देखकर बड़ी संख्या में महिलाएं घरों से बाहर निकलीं और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई. महिलाओं ने निहंग सिंहों से इस लड़ाई में साथ देने की गुहार भी लगाई.
नशे की हालत में रसोई में गिर पड़ा बेटा
मोहल्ले की रहने वाली जीता रानी ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह मेहनत-मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करती हैं. एक दिन जब वह दिहाड़ी लगाकर घर लौटीं और आराम कर रही थीं, तभी उनका बेटा चिट्टे का नशा करके घर पहुंचा और रसोई में ही गिर पड़ा. बेटे की हालत देखकर बहू ने उन्हें इसकी जानकारी दी. महिला के मुताबिक, बेटे की जान बाल-बाल बची.
इसके बाद वह उस व्यक्ति के घर शिकायत लेकर पहुंचीं, जहां से उनका बेटा नशा करके आया था. आरोप है कि वहां उनके साथ उल्टा गाली-गलौज की गई. इसके बाद उन्होंने रात के समय निहंग सिखों के डेरे पर पहुंचकर नशा तस्करों के खिलाफ लड़ाई में मदद मांगी. बुधवार को जब निहंग सिंहों का काफिला मोहल्ले में पहुंचा तो महिलाएं भी उनके साथ सड़क पर उतर आईं.
अस्पताल में मुफ्त मिलने वाली गोलियां भी बेचने का आरोप
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि मोहल्ले में नशे का कारोबार खुलेआम चल रहा है. नशे से जुड़े लोगों ने अब नया तरीका अपना लिया है. महिलाओं के मुताबिक, अस्पतालों में मुफ्त मिलने वाली जीभ के नीचे रखने वाली गोलियां भी कथित तौर पर बेची जा रही हैं. युवा चिट्टे के अलावा कैप्सूल और अन्य नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं. उनका कहना है कि नशे का जाल अब घरों तक पहुंच चुका है और परिवारों के लिए अपने बच्चों को बचाना मुश्किल हो रहा है.
शिकायत करने पर तस्करों तक कैसे पहुंचती है खबर?
मोहल्ला निवासियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए. उनका आरोप है कि जब कोई व्यक्ति पुलिस को नशे के कारोबार की शिकायत देता है तो उसकी जानकारी कथित तस्करों तक तुरंत पहुंच जाती है. इसके बाद शिकायत करने वाले परिवारों को धमकियों और परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
महिलाओं ने सवाल उठाया कि जब शिकायत करने वालों की पहचान ही सुरक्षित नहीं है तो आम लोग नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत कैसे करेंगे?
खाली प्लॉट में नशा करने वालों का जमावड़ा
एक अन्य महिला ने बताया कि कुछ लोग उनके खाली प्लॉट में बैठकर नशा करते हैं. जब वह उन्हें वहां से हटने के लिए कहती हैं तो उन्हें धमकियां दी जाती हैं. महिला के अनुसार, उन्हें यहां तक कहा जाता है कि अगर वहां किसी की मौत हो गई तो वह इसके लिए जिम्मेदार होंगी.
मोहल्ला निवासियों ने कुछ लोगों पर खुलेआम नशा तस्करी करने के आरोप लगाते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की. महिलाओं का कहना है कि केवल अभियान चलाने और बड़े-बड़े दावे करने से नशे पर लगाम नहीं लगेगी. जब तक मोहल्लों में नशे की सप्लाई करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती और शिकायत करने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालना मुश्किल होगा.
यह भी पढ़ें: पठानकोट XUV लूट कांड में पुलिस की दबिश तेज, टोल प्लाजा पर दिखी कार; आईजी बोले- जल्द होगा खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं