विज्ञापन

पठानकोट XUV लूट कांड में पुलिस की दबिश तेज, टोल प्लाजा पर दिखी कार; आईजी बोले- जल्द होगा खुलासा

पठानकोट में पिस्तौल के बल पर लूटी गई XUV-500 को लेकर पुलिस की जांच तेज हो गई है. वारदात के 60 घंटे बाद भी आरोपी गिरफ्त से बाहर हैं, लेकिन जांच में अहम सुराग मिले हैं.

पठानकोट XUV लूट कांड में पुलिस की दबिश तेज, टोल प्लाजा पर दिखी कार; आईजी बोले- जल्द होगा खुलासा
आईजी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर
NDTV
  • पठानकोट में XUV कार छाती पर पिस्तौल तानकर लूटने की वारदात के 60 घंटे बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
  • जांच में पता चला है कि आरोपी कार लूटने के बाद माधोपुर और फिर गुरदासपुर की ओर फरार हुए थे.
  • पुलिस ने तकनीकी जांच तेज कर दी है और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीमें संयुक्त रूप से काम कर रही हैं.

पठानकोट में छाती पर पिस्तौल तानकर XUV-500 लूटने की वारदात के 60 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं. इस बीच जांच में पता चला है कि कार लूटने के बाद आरोपी पहले माधोपुर और फिर गुरदासपुर की ओर फरार हुए. देर रात वही लूटी गई कार कत्थूनंगल टोल प्लाजा पार करते हुए CCTV कैमरों में कैद हुई. पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी जांच और तेज कर दी है.

आईजी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि पुलिस आरोपियों के बेहद करीब पहुंच चुकी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल पठानकोट और अमृतसर पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से आरोपियों की तलाश में जुटी हैं.

ड्राइवर ने पुलिस को बताई पूरी घटना

थाना सुजानपुर में दर्ज एफआईआर नंबर 241 के अनुसार शिकायतकर्ता 40 वर्षीय प्रवीण सिंह निवासी महावीर मोहल्ला, बमियाल ने बताया कि वह प्रताप वर्ल्ड स्कूल में बस चालक है. उसके पुराने परिचित सनी वर्मा निवासी बमियाल अक्सर उसे लंबी यात्राओं पर ड्राइवर के तौर पर साथ ले जाते थे. प्रवीण सिंह के मुताबिक, वह सनी वर्मा की पत्नी, बेटे और बेटी को महिंद्रा XUV-500 में लेकर डाउनटाउन पुल नंबर-5, सुजानपुर के पास पहुंचा था. परिवार घूमने के लिए डाउनटाउन इलाके में चला गया, जबकि उसने हाईवे किनारे लखनपुर की दिशा में मुंह करके वाहन खड़ा कर दिया और खुद कार में बैठा रहा.

पिस्तौल तानकर कार छीनी

प्रवीण ने बताया कि तभी सिर पर काला परना बांधे एक युवक उसके पास आया. आरोपी ने उसकी छाती पर पिस्तौल तान दी और थप्पड़ मारते हुए धमकी दी, 'जल्दी गाड़ी से नीचे उतर जा, नहीं तो गोली मार दूंगा.' डर के कारण वह तुरंत कार से उतर गया. इसके बाद आरोपी सफेद रंग की XUV-500 लेकर माधोपुर (कठुआ-जम्मू) की दिशा में फरार हो गया. प्रवीण ने पुलिस को बताया कि यदि आरोपी दोबारा सामने आए तो वह उसकी पहचान कर सकता है.

आईजी बोले, आतंकी कनेक्शन नहीं

रविवार को गन प्वाइंट पर हुई इस कार लूट की घटना में अब तक किसी भी तरह का आतंकी कनेक्शन सामने नहीं आया है. पठानकोट के एसएसपी मनप्रीत सिंह ने कहा कि यह महज वाहन लूट का मामला है और इसकी जांच उसी दिशा में की जा रही है. वहीं, आईजी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने भी स्पष्ट किया कि इस मामले का किसी आतंकी गतिविधि से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने कहा कि पुलिस केस सुलझाने के काफी करीब पहुंच चुकी है. जांच में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं. लेकिन जांच प्रभावित न हो इसलिए फिलहाल उनका खुलासा नहीं किया जा सकता.

ये भी पढ़ें : 'जब नक्सलवाद खत्म हो सकता है तो ये क्यों नहीं...', नशे की समस्या का जिक्र कर जब भावुक हो गए PM मोदी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pathankot
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com