पंजाब के लुधियाना में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर कथित रूप से जूतों की माला डालने की घटना के बाद माहौल गरमा गया है. वाल्मीकि समाज और विभिन्न संगठनों ने घटना के विरोध में शहर बंद का ऐलान किया है. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि न केवल प्रतिमा का अपमान किया गया, बल्कि मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने सबूतों के साथ भी छेड़छाड़ की. इस घटना को लेकर समुदाय में व्यापक नाराजगी है. इसी के चलते आज सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक लुधियाना बंद रखने की घोषणा की गई है. संगठनों ने व्यापारियों, उद्योगपतियों और आम लोगों से समर्थन देने की अपील की है.
प्रतिमा पर जूतों की माला डालने से भड़का आक्रोश
जानकारी के अनुसार लुधियाना के जालंधर बाईपास चौक स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर कुछ शरारती तत्वों ने जूतों की माला डाल दी. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. समाज के लोगों ने इसे बाबा साहेब का अपमान बताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और लोगों ने पुलिस तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की.

Ludhiana Bandh: लुधियाना में डॉ अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ के बाद विरोध प्रदर्शन
पुलिस पर सबूत मिटाने का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के साथ आए एक कर्मचारी ने प्रतिमा पर डाली गई माला को तोड़कर फेंक दिया. समुदाय के लोगों का कहना है कि ऐसा करके महत्वपूर्ण सबूत नष्ट करने की कोशिश की गई. उन्होंने संबंधित पुलिस कर्मी के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है. इस आरोप के बाद विवाद और बढ़ गया तथा मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए.

लुधियाना की इसी प्रतिमा से जुड़ा हुआ है मामला
आधे घंटे जाम रहा नेशनल हाईवे
घटना के विरोध में वाल्मीकि समाज के लोगों ने करीब आधे घंटे तक नेशनल हाईवे जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की. बाद में पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.
आज 10 से 4 बजे तक लुधियाना बंद
समुदाय के नेताओं ने लुधियाना बंद का आह्वान करते हुए कहा कि सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक शहर में आम गतिविधियां प्रभावित रहेंगी. बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान और औद्योगिक इकाइयों को बंद रखने की अपील की गई है. हालांकि एंबुलेंस, अस्पताल, मेडिकल स्टोर, डॉक्टरों की क्लीनिक और स्कूल बसों जैसी आवश्यक सेवाओं को बंद से बाहर रखा गया है. प्रदर्शनकारियों ने युवाओं से भी अपील की है कि जरूरी सेवाओं की आवाजाही में कोई बाधा न आने दें.
यह भी पढ़ें : बदायूं में आंबेडकर प्रतिमा स्थापना को लेकर बवाल; पुलिस-प्रशासन पर पथराव, कई वाहन क्षतिग्रस्त, 7 हिरासत में
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं