विज्ञापन

उज्जैन में शाही मस्जिद ही नहीं, हनुमान मंदिर समेत 14 धर्मस्थल पीछे हटाए गए, 272 मकान के हिस्से हटेंगे, अलर्ट पर पुलिस

उज्जैन सड़क चौड़ीकरण के लिए बीच में आ रहा शाही मस्जिद का हिस्सा हटाया जा रहा है. कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया मंगलवार को भी प्रभावित हिस्सा कमेटी के सदस्य खुद ही हटा रहे हैं. वहीं हाईकोर्ट में याचिका खारिज हो गई है.

उज्जैन में शाही मस्जिद ही नहीं, हनुमान मंदिर समेत 14 धर्मस्थल पीछे हटाए गए, 272 मकान के हिस्से हटेंगे, अलर्ट पर पुलिस
उज्जैन में जारी है प्रशासन की कार्रवाई
  • उज्जैन में शाही मस्जिद का हिस्सा हटाने पर सहमति बन गई, आज भी कार्रवाई जारी रहेगी.
  • उज्जैन में मस्जिद के अलावा 14 धार्मिक स्थल और करीब 272 मकानों का हिस्सा भी हट रहा है.
  • कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर मार्ग तक सड़क का चौड़ीकरण करने का काम नगर निगम कर रहा है.
उज्जैन:

उज्जैन शाही मस्जिद को लेकर सोमवार को हुए विवाद के बाद मंगलवार को भी पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट नजर आ रहा है. उज्जैन के कलेक्टर रोशन कुमार सिंह का कहना है कि शाही मस्जिद कमेटी के सदस्य खुद ही सड़क चौड़ी करने के प्रोजेक्ट से प्रभावित हिस्से को हटा रहे हैं. कल कुछ लोगों ने माहौल को खराब करने की कोशिश की थी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. आज पुलिस और प्रशासन की टीमें अलर्ट हैं और सभी लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है. वहीं शाही मस्जिद कमेटी की तरफ से एमपी हाईकोर्य में याचिका दायर की गई थी. सोमवार को इसकी सुनवाई हुई थी, जिसे खारिज कर दिया गया है. बता दें कि उज्जैन में शाही मस्जिद के अलावा कई मंदिर और करीब 272 मकानों का हिस्सा भी टूट रहा है.  

उज्जैन में मंगलवार को जारी रहेगी कार्रवाई

उज्जैन में सोमवार को शाही मस्जिद का हिस्सा हटाने को लेकर विवाद हुआ था. जिसके बाद मंगलवार को सुबह से ही पुलिस अलर्ट पर है. पुलिस ने यह गश्त भी की है. उज्जैन कलेक्टर के मुताबिक शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा मंगलवार को भी तोड़ा जाएगा, जबकि दुकानों का सामान आज हटाया जाएगा. वहीं मस्जिद कमेटी के अधिवक्ता कुलदीप पाठक ने भी मामले में अहम जानकारी देते हुए बताया कि सड़क चौड़ीकरण के लिए मस्जिद का हिस्सा हटाने पर सहमति बन गई है. वहीं जो दुकानें प्रभावित हो रही हैं, उन्हें दूसरी जगह उपलब्ध कराई जाएगी. आज दुकानों से सामान निकाला जाएगा. 

ये वीडियो भी देखिए

सोमवार को हुआ था विवाद 

दरअसल, सोमवार को यहां विवाद हो गया था. मस्जिद का हिस्सा हटाने के दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया था. जिसके बाद पुलिस ने भी भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया था और आंसू गैस के गोले छोड़े थे. उज्जैन में कल दो बार पथराव हुआ था. जिसके बाद रातभर पुलिस ने चौकसी बढ़ा रखी थी. हालांकि शाम तक स्थिति सामान्य हो गई थी. उज्जैन के शहर काजी ने भी लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की थी. 

ये भी पढे़ंः CM मोहन यादव ने खुद तोड़ना शुरू किया अपना पैतृक घर, सड़क चौड़ी होने के लिए टूटने हैं कई मकान

उज्जैन कलेक्टर ने संभाला मोर्चा 

मंगलवार को उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह खुद मौके पर मौजूद हैं. जबकि एसपी प्रदीप शर्मा भी रात में यहां मौजूद थे. बताया जा रहा है कि कल की अफवाह के बाद पुलिस आज सोशल मीडिया पर भी पूरी नजर रख रही है. उज्जैन पुलिस ने कल से 15 से 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है. मंगलवार को मस्जिद का हिस्सा हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी और यहां पुलिस बल की तैनाती भी बढ़ा दी गई है.  

एमपी हाईकोर्ट में याचिका खारिज 

वहीं उज्जैन की शाही मस्जिद कमेटी की तरफ से एमपी हाईकोर्ट में जो याचिका लगाई गई थी. उसे मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है. दरअसल, सभी पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने कहा कि जब जिला प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच समझौता हो गया तो फिर कोई आधार नहीं बनता है. ऐसे में मंगलवार को कमेटी के लोग खुद ही हिस्सा हटा रहे हैं. वहीं उज्जैन में सिंहस्थ के लिए कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण के लिए आज भी कार्रवाई जारी रहेगा. यहां करीब 200 से ज्यादा घरों का हिस्सा तोड़ा जा रहा है. 

उज्जैन में 272 मकान और धार्मिक स्थल का हिस्सा भी हटाया

उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ-2028 महाकुंभ के लिए सड़कों का चौड़ीकरण करने के लिए उज्जैन नगर निगम की तरफ से अभियान चलाया जा रहा है. जहां कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर मार्ग को चौड़ा किया जाएगा. इस बीच रास्ते में 272 मकानों के हिस्सों को हटाया जा रहा. सीएम मोहन यादव का पैतृक घर भी इसकी जद में आ रहा है. जिसे तोड़ने की शुरुआत खुद सीएम ने की है. इस दौरान रास्ते में करीब 14 धार्मिक स्थल भी आए हैं. जिनके हिस्सों को हटाया गया है. चौड़ीकरण के रास्ते आए कई प्राचीन मंदिरों को खिसकाया गया है. मंदिरों के हिस्सों के 9 फीट तक पीछे किया गया है. जिसमें संकटमोचन हनुमान मंदिर, शिव मंदिर, गणेश मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल शामिल हैं. इसके अलावा मकानों का हिस्सा कई लोगों ने तो खुद अपने से ही हटा लिया है. 

हनुमान मंदिर और शाही मस्जिद का हिस्सा भी हट रहा

अब कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर मार्ग के बीच में केवल हनुमान मंदिर और शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने का काम रह गया है. खड़े हनुमान मंदिर का हिस्सा भी हटाया जा चुका है, यहां कुछ और हिस्सा हटना है. वहीं शाही मस्जिद का हिस्सा हटाने पर भी सहमति बन चुकी है. लेकिन उज्जैन में फिलहाल पुलिस अलर्ट पर है. 

ये भी पढ़ेंः उज्जैन में मस्जिद का हिस्सा हटाने पर बन गई थी सहमति, तो सुबह कैसे हो गया पथराव? जानिए बवाल की पूरी कहानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ujjain Shahi Masjid, Ujjain Shahi Masjid Dispute, Ujjain Simhastha, Ujjain Simhastha 2028, Ujjain Today News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com