विज्ञापन

पंजाब चुनाव के लिए BJP ने बनाई बंगाल वाली रणनीति, AAP-कांग्रेस के लिए अलग-अलग प्लान

बीजेपी नेताओं के मुताबिक, अगर पार्टी राज्य के लोगों को यह विश्वास दिलाने में कामयाब हो जाती है कि वह सरकार बनाने के लिए एक सशक्त विकल्प है, तो ऐसे में लोग उस पर भरोसा कर सकते हैं.

पंजाब चुनाव के लिए BJP ने बनाई बंगाल वाली रणनीति,  AAP-कांग्रेस के लिए अलग-अलग प्लान
बीजेपी आप को घेरने के लिए एक यात्रा निकाल रही है, इसका समापन खुद अमित शाह करेंगे.
  • BJP ने पंजाब चुनाव में पश्चिम बंगाल मॉडल अपनाकर AAP और कांग्रेस के गढ़ों में चुनाव लडने की रणनीति बनाई है
  • कांग्रेस के अंदर गुटबाजी और भीतरघात से पार्टी कमजोर हुई है, जिसका लाभ बीजेपी उठाना चाहती है
  • बीजेपी पंजाब के मतदाताओं को सरकार बनाने के लिए सशक्त विकल्प होने का भरोसा दिलाकर जीत हासिल करना चाहती है

पंजाब में अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी (BJP) ने बेहद खास रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है. बीजेपी ने पंजाब में पश्चिम बंगाल मॉडल पर चुनाव लड़ेगी. पश्चिम बंगाल की ही तरह पंजाब के लोगों को भरोसा दिलाया जाएगा कि बीजेपी सत्ता की प्रबल दावेदार है. इसके लिए सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) और प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस को उन्हीं के गढ़ में चुनौती देने का फैसला किया गया है.

गौरतलब है कि बीजेपी ने यही रणनीति पश्चिम बंगाल में भी अपनाई थी, जब ममता बनर्जी के गढ़ भवानीपुर और नंदीग्राम में उनसे सीधे दो-दो हाथ किया गया था. इसी तरह तृणमूल कांग्रेस के गढ़ दक्षिण बंगाल और कोलकाता में बीजेपी ने पूरा जोर लगाया था.  यहां की 130 सीटों पर टीएमसी बेहद मजबूत थी. बीजेपी ने इस बार सबसे ज्यादा ताकत इन्हीं सीटों पर लगाई. इसका सीधा लाभ पार्टी को मिला और उसने ममता बनर्जी को सत्ता से बेदखल कर दिया.

लोकसभा चुनाव ने बदला गणित

सूत्रों के अनुसार, बीजेपी ने पंजाब में भी इसी रणनीति पर चलने का फैसला किया है. राज्य की 117 विधानसभा सीटों में आम आदमी पार्टी मालवा, माझा और दोआबा की 30-32 सीटों पर बेहद मजबूत मानी जाती है. इसी तरह कांग्रेस शहरी, अर्ध शहरी और माझा दोआबा के कुछ हिस्सों की 35-40 सीटों पर मजबूत मानी जाती है. पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने राज्य की 13 में से 7 और आम आदमी पार्टी ने 3 लोकसभा सीटें जीती थी. वहीं शिरोमणि अकाली दल को एक और निर्दलीय को दो सीटों पर जीत मिली थी. अगर विधानसभा सीटों पर बढ़त देखी जाए तो पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 37, आम आदमी पार्टी 33, बीजेपी 23 और शिरोमणि अकाली दल 9 विधानसभा सीटों पर आगे रही. जबकि 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को 92 सीटों पर जीत मिली थी और कांग्रेस केवल 18 सीटें ही जीत सकी थी. आप का वोट प्रतिशत 2022 के विधानसभा चुनाव के 42 प्रतिशत से घटकर 26 प्रतिशत पर आ गया. जबकि कांग्रेस का वोट 23 प्रतिशत से बढ़ कर 26.3 प्रतिशत हो गया. 

64 विधानसभा सीटों पर मजबूत स्थिति में

इन आंकड़ों के आधार पर बीजेपी का मानना है कि आम आदमी पार्टी की सरकार सत्ता विरोधी लहर का सामना कर रही है. जिस तरह से बीजेपी को पिछले लोकसभा चुनाव में 23 विधानसभा सीटों पर बढ़त मिली और छह सीटों पर वह दूसरे और 16 सीटों पर तीसरे नंबर पर आई. यानी 45 विधानसभा सीटों पर बीजेपी ने दमदार उपस्थिति दर्ज की है. अगर अकाली दल का प्रदर्शन देखें तो वह नौ विधानसभा सीटों पर पहले और पांच-पांच पर दूसरे और तीसरे नंबर पर रही है. अगर बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन होता है तो पिछले लोकसभा चुनाव के हिसाब से दोनों दल 32 प्रतिशत वोटों के साथ 64 विधानसभा सीटों पर मजबूत स्थिति में हैं. 

तीन 'सी' और भीतरघात 

अब पार्टी की रणनीति बाकी बची उन 53 सीटों पर पूरी ताकत लगाने की है, जहां परंपरागत रूप से कांग्रेस और आम आदमी पार्टी मजबूत हैं. इसके लिए बीजेपी ने आक्रामक चुनाव रणनीति तैयार की है. राज्य में तीन प्रमुख मुद्दों को लेकर बीजेपी आप सरकार पर निशाना साध रही है. यह हैं तीन सी यानी क्राइम, करप्शन और चिट्टा (ड्रग्स). ड्रग्स के खिलाफ बीजेपी की इन दिनों पूरे राज्य में यात्रा निकाली जा रही है, जिसका समापन गृह मंत्री अमित शाह करेंगे. वहीं बीजेपी के मुताबिक, कांग्रेस के भीतर की गुटबाजी और भीतरघात उसे कमजोर कर रहा है.
बीजेपी नेताओं के मुताबिक, अगर पार्टी राज्य के लोगों को यह विश्वास दिलाने में कामयाब हो जाती है कि वह सरकार बनाने के लिए एक सशक्त विकल्प है, तो ऐसे में लोग उस पर भरोसा कर सकते हैं. केंद्र में पीएम मोदी की अगुवाई की सरकार का ट्रैक रिकॉर्ड आगे रख कर बीजेपी जनता के बीच जाएगी. आप और कांग्रेस के गढ़ में ऐसे नेताओं की तलाश भी की जा रही है जो जिताऊ हों. पार्टी चुनाव से पहले उन्हें अपने पाले में लाने की कोशिश भी करेगी.

यह भी पढ़ें-

नेपाल में शांत पहाड़ भी अब डरा रहे, आखिर क्यों गुस्से में है प्रकृति? भारत को भी लेनी चाहिए सीख

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab Assembly Election, BJP, Punjab AAP, Punjab Congress, Punjab BJP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com