- अनंत सिंह और नीरज कुमार की लड़ाई नीतीश कुमार के दरबार में पहुंची
- बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार को सारी जानकारी दी गई है
- अनंत सिंह ने जनसुराज के नेता अनुज कुमार सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया है
बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. पटना स्नातक सीट पर JDU के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ मोकामा से JDU विधायक अनंत सिंह के खुलकर सामने आने के बाद अब मामला पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच गया है. अनंत सिंह ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. अनुज कुमार सिंह को समर्थन देने और JDU प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध करने का ऐलान किया था. अब बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार मामले को सुलझाने में जुट गए हैं.
नीतीश संभालेंगे झगड़ा?
अनंत सिंह के इस ऐलान के बाद JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने मंत्री श्रवण कुमार और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा से पूरे मामले की जानकारी ली है. बताया जा रहा है कि बैठक में विधान परिषद चुनाव की तैयारियों के साथ-साथ पार्टी के अंदर पैदा हुई स्थिति पर भी चर्चा हुई. बैठक के बाद मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि पार्टी के भीतर जो कुछ हो रहा है, वह नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी पार्टी के बड़े नेताओं को दे दी गई है. राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार और कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी इस मामले से अवगत कराया गया है.
श्रवण बोले- पार्टी का लक्ष्य चुनाव जीतना
श्रवण कुमार ने कहा कि अब इस पूरे मामले में आगे क्या कार्रवाई या फैसला होना है, इसका निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा. उन्होंने कहा कि फिलहाल पार्टी का मुख्य लक्ष्य चुनाव में जीत हासिल करना है.
क्या है पूरा विवाद
दरअसल, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से JDU ने मौजूदा MLC नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है. वहीं जन सुराज ने डॉ. अनुज कुमार सिंह को इसी सीट से मैदान में उतारा है. अनुज कुमार सिंह को पहले से ही अनंत सिंह का समर्थन मिल रहा था और अब अनंत सिंह ने सार्वजनिक तौर पर उनके समर्थन में प्रचार करने की घोषणा कर दी है. अनंत सिंह ने अपने बयान में साफ कहा है कि वह नीरज कुमार के खिलाफ चुनाव प्रचार करेंगे. उन्होंने इसे अपने और नीरज कुमार के बीच का व्यक्तिगत मामला बताया है. इस ऐलान के बाद पटना स्नातक सीट का मुकाबला और चर्चा में आ गया है.
उमेश कुशवाहा ने क्या कहा
नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद JDU प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने पूरे मामले पर विस्तार से बोलने से परहेज किया. लगातार सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि पार्टी का फोकस सभी सीटों पर जीत हासिल करने पर है. उमेश कुशवाहा ने कहा कि कौन क्या बोल रहा है, इससे पार्टी के चुनावी अभियान पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि JDU ने अपनी सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं और पार्टी का लक्ष्य चुनाव में जीत हासिल करना है. बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर चुनाव होना है. इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। चुनाव आयोग के घोषित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी. अब निगाह इस बात पर है कि अनंत सिंह के खुलकर JDU उम्मीदवार के विरोध में आने के बाद पार्टी का शीर्ष नेतृत्व क्या फैसला करता है और पटना स्नातक सीट पर इसका आगे क्या असर दिखाई देता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं