विज्ञापन

LPU में रेप के बाद सुसाइड? रात भर तोड़-फोड़ और जुटे सैकड़ों छात्र; प्रशासन ने क्या बताया

पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में बीती रात अचानक छात्रों का का बड़ा विरोध शुरू हुआ. छात्रों की भीड़ ने कैंपस में भारी तोड़-फोड़ की. इस कारण जालंधर हाईवे भी जाम रहा. अभी सुबह भी कैंपस के गेट पर छात्रों का धरना जारी है.

जालंधर स्थित LPU में छात्रों का भारी विरोध.
NDTV
  • पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में कथित रेप मामले को लेकर व्यापक प्रदर्शन और तोड़फोड़ हुई है.
  • यूनिवर्सिटी प्रशासन ने रेप की घटना को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे झूठी और बिना आधार की अफवाह बताया है.
  • पुलिस ने घटना की जांच के लिए FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और जल्द ही जांच टीम गठित की जाएगी.
जालंधर:

पंजाब में स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में बीती रात छात्रों ने भारी हंगामा किया. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में बड़ी संख्या में छात्र कैंपस में तोड़-फोड़ करते नजर आ रहे हैं. विरोध-प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि कैंपस में एक छात्रा के साथ रेप हुआ. जिसके बाद उसे घर भेज दिया गया है. घर पर उस छात्रा ने सुसाइड कर लिया. विवि प्रशासन आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है. जब हमलोगों ने सवाल उठाया तो गार्ड और प्रशासन ने हमारे साथ बदसलूकी की. हालांकि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने रेप की बात का खंडन किया है. 

कैंपस में काफी तोड़-फोड़, जांलधर हाईवे भी रहा जाम

प्रदर्शन में विद्यार्थियों ने एलपीयू के अंदर बहुत तोड़फोड़ की. काफी हिंसा फैलाई. जिसके बाद एलपीयू के अंदर जालंधर पुलिस पहुंची और उनके द्वारा एलपीयू के अंदर प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों को शांत किया गया. जिस दौरान जालंधर के नेशनल हाईवे पर काफी लंबा जाम भी दिखाई दिया.

आज सुबह विवि के गेट पर धरने पर बैठे छात्र

अब आज सुबह एलपीयू यूनिवर्सिटी के बाहर विद्यार्थी धरने पर बैठे हैं. मौके पर पुलिस-प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों को शांत करने की कोशिश की जा रही है. वहीं नेशनल हाईवे बंद किए गए हैं. मौके पर पहुंची एनडीटीवी टीम से LPU यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों ने रेप के बाद सुसाइड वाली बात दुहराई. 

LPU के गेट पर रविवार सुबह छात्रों की भारी भीड़ मौजूद है.

LPU के गेट पर रविवार सुबह छात्रों की भारी भीड़ मौजूद है.

रजिस्ट्रार ने कहा- बेबुनियाद अफवाहें फैलाई गई

छात्रों के हंगामे और विरोध-प्रदर्शन पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार डॉ. मोनिका गुलाटी ने कहा कि यूनिवर्सिटी के ध्यान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से पूरी तरह झूठी, बेबुनियाद और मनगढ़ंत अफवाहें फैला रहे हैं. इससे छात्रों के बीच बेवजह भ्रम पैदा हो रहा है और यूनिवर्सिटी के शांतिपूर्ण शैक्षणिक माहौल को खराब करने की कोशिश की जा रही है.

जिस तरह से ऐसी झूठी और गुमराह करने वाली जानकारी व्यवस्थित रूप से फैलाई जा रही है, उससे ऐसा लगता है कि यह यूनिवर्सिटी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और उसकी छवि खराब करने की एक सोची-समझी और सुनियोजित कोशिश है.

जो अफवाहें फैलाई गई, उसमें कोई सच्चाई नहींः विवि

यूनिवर्सिटी साफ तौर पर स्पष्ट करती है कि अभी जो अफवाहें फैलाई जा रही हैं, उनमें कोई सच्चाई नहीं है. छात्रों, अभिभावकों और आम जनता से अनुरोध है कि वे ऐसी अफवाहों पर विश्वास न करें, न ही उन्हें फैलाएं और न ही उन्हें बढ़ावा दें. उन्हें केवल यूनिवर्सिटी के आधिकारिक माध्यमों से दी गई जानकारी पर ही भरोसा करना चाहिए.


डीआईजी बोले- रेप मामले में दर्ज की जा रही FIR

LPU में छात्रों के प्रदर्शन पर जालंधर रेंज के DIG नवीन सिंगला ने कहा, "आज सुबह 2 बजे LPU के बहुत सारे छात्रों ने यहां नेशनल हाईवे जाम कर दिया. उनकी मुख्य मांग यह थी कि तीन दिन पहले G3 हॉस्टल की एक छात्रा के साथ रेप हुआ था और अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है. हमें उनका बयान मिल गया है. हमने FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उन्हें जल्द ही इसकी कॉपी मिल जाएगी.

आज दोपहर 12 बजे से पुलिस विवि प्रशासन से करेंगी बातचीत

उन्होंने आगे कहा कि उनकी कुछ और भी मांगें हैं और इन पर चर्चा के लिए LPU मैनेजमेंट के साथ दोपहर 12:00 बजे एक मीटिंग तय की गई है. लड़कों और लड़कियों, दोनों हॉस्टलों से जुड़ी कुछ खास मांगें हैं. हमने छात्र नेताओं से बात की है और मीटिंग दोपहर 12:00 बजे होगी. जहां तक FIR की बात है, तो वह दर्ज की जाएगी और उन्हें उसकी कॉपी दी जाएगी. 

FIR अभी अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ होगी

तकनीकी तौर पर जांच में फोरेंसिक एनालिसिस, CCTV फुटेज की समीक्षा और फोन डेटा का एनालिसिस शामिल होगा. इसके अलावा, जांच छात्र प्रतिनिधियों से सलाह-मशविरा करके की जाएगी. अभी शिकायत में सिर्फ यह कहा गया है कि G3 हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा के साथ रेप हुआ है, इसलिए अभी FIR किसी अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज की जा रही है.

छात्रों को आश्वासन- दोषी को पकड़ने के लिए बनाएंगी जांच टीम

डीआईजी ने आगे कहा कि छात्रा G3 हॉस्टल की रहने वाली है, लेकिन उसका नाम अभी साफ नहीं है; यह जांच का हिस्सा है. हम CCTV फुटेज और दूसरे सबूतों की जांच करेंगे. मैं आपको भरोसा दिलाना चाहता हूं कि जांच वैज्ञानिक तरीके से की जाएगी; हम जांच करने और दोषी को जल्द पकड़ने के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाएंगे..."

यह भी पढ़ें - पंजाब की यूनिवर्सिटी में भूत! छात्रों ने काटा बवाल, पुलिस वैन तोड़ी; कहा- 'चीखें किसकी? CCTV दिखाओ'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lovely Professional University, Lovely Professional University Protest, Lovely Professional University Suicide, LPU Protests Over Rape Case, Punjab News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com