विज्ञापन
This Article is From Sep 11, 2016

आरजेडी के भीतर अपनी आलोचनाओं पर बोले नीतीश- 'दूसरे' क्या कह रहे हैं, मुझे उसकी परवाह नहीं

आरजेडी के भीतर अपनी आलोचनाओं पर बोले नीतीश- 'दूसरे' क्या कह रहे हैं, मुझे उसकी परवाह नहीं
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (फाइल फोटो)
  • नीतीश जनता के नेता नहीं : शहाबुद्दीन
  • नीतीश को सीएम बनाने के पक्ष में नहीं था मैं : रघुवंश
  • मेरे पास बिहार की जनता का समर्थन : नीतीश
पटना: बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन के सहयोगी दल आरजेडी के कुछ नेताओं की तरफ से की जा रही आलोचनाओं को दरकिनार करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को कहा कि वह इस बात की परवाह नहीं करते कि 'दूसरे' क्या कह रहे हैं.

पटना में नीतीश ने कहा, बिहार की जनता ने मुझे जनादेश दिया है और मैं उसी के अनुसार काम कर रहा हूं. दूसरे लोग मेरे बारे में क्या कहते हैं, मैं इस पर ध्यान नहीं देता.

गौरतलब है कि जेल से बाहर आने के 24 घंटे के अंदर बहाबुली नेता और आरजेडी के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा. सिवान पहुंचने के बाद शहाबुद्दीन ने कहा कि नीतीश जनता के नेता नहीं हैं, वो गठबंधन की वजह से मुख्यमंत्री बने हैं, जैसे मधु कोड़ा बने थे. इससे पहले शनिवार को जेल से छूटने पर शहाबुद्दीन ने नीतीश कुमार के बारे में कहा था कि वह 'परिस्थितिवश मुख्यमंत्री' हैं. शहाबुद्दीन ने कहा था कि मेरे नेता लालू ही हैं.

आरजेडी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने भी कहा है कि वह नीतीश को मुख्यमंत्री बनाने के पक्ष में नहीं थे, लेकिन महागठबंधन के फैसले को मानना पड़ा. रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा, 'लालू प्रसाद हमारे नेता हैं और हम उनको मुख्यमंत्री देखना चाहते थे. जब महागठबंधन बना तो इसके नेताओं ने फैसला किया कि नीतीश कुमार उनके नेता होंगे. मैं इससे सहमत नहीं था, लेकिन इस फैसले को माना.'

पिछले साल नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू, लालू की पार्टी आरजेडी और कांग्रेस ने बीजेपी के खिलाफ महागठबंधन बनाकर विधानसभा चुनाव लड़ा था और नीतीश कुमार तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने में सफल रहे. वैसे तो नीतीश और लालू सार्वजनिक तौर पर जाहिर करते रहे हैं कि उनके बीच अच्छे संबंध हैं, लेकिन दोनों दलों के भीतर बीच-बीच में आपसी विरोध के स्वर भी सुनाई देते रहे हैं.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
नीतीश कुमार, रघुवंश प्रसाद सिंह, शहाबुद्दीन, लालू प्रसाद यादव, आरजेडी, जेडीयू, बिहार, बिहार न्यूज, Nitish Kumar, Raghuvansh Prasad Singh, Shahabuddin, Lalu Prasad Yadav, RJD, JDU, Bihar, Bihar News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com