CTET के लिए अगर आप भी इस बार आवेदन नहीं कर पाए थे तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है. CBSE की तरफ से बताया गया है कि CTET की 22वीं परीक्षा के लिए दोबारा ऑनलाइन आवेदन खोल दिए गए हैं, इच्छुक उम्मीदवार अब 1 सितंबर तक अपना आवेदन कर सकते हैं. नोटिस में सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले का जिक्र किया गया है, जिसमें योग्य शिक्षकों को अनिवार्य टीईटी (TET) योग्यता हासिल करने की बात कही गई थी. इसमें कहा गया कि ऐसे टीचर्स को उचित मौके देने के लिए आवेदन की विंडो को दोबारा खोला गया है.
क्या दोबारा करना होगा आवेदन?
जिन उम्मीदवारों ने पहले आवेदन नहीं किया था, वो 25 अगस्त से लेकर 1 सितंबर के बीच आवेदन कर सकते हैं. वहीं जिन लोगों ने पहले ही अपना आवेदन कर लिाय था, उन्हें दोबारा इसकी जरूरत नहीं होगी. ये उन उम्मीदवारों के लिए एक बड़े मौके की तरह है, जो किसी वजह से अपना आवेदन नहीं कर पाए थे.
पिछली परीक्षाओं का ब्योरा
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) अब तक CTET की 21 परीक्षाएं आयोजित कर चुका है. 21वीं परीक्षा का रिजल्ट 30 मार्च 2026 को जारी किया गया था. इसके बाद 8 मई 2026 को नोटिफिकेशन जारी हुआ और 22वीं परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 11 मई 2026 से 10 जून 2026 तक स्वीकार किए गए. अब इसी परीक्षा के लिए फिर से आवेदन का मौका दिया गया है. नोटिस में सीबीएसई ने बताया है कि छात्रों के व्यापक हित और सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है.
कब होगी परीक्षा?
सितंबर में होने वाली इस परीक्षा के लिए आवेदन फिर से खोले गए हैं, ऐसे में तमाम अभ्यर्थियों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि परीक्षा कब होगी. सीबीएसई की तरफ से बताया गया है कि संशोधित परीक्षा तारीख का ऐलान आवेदन पोर्टल बंद होने के बाद किया जाएगा. उम्मीद है कि अब अक्टूबर के पहले या फिर दूसरे हफ्ते तक परीक्षा आयोजित कराई जा सकती है.
ये भी पढ़ें - 'आपने बस मिस कर दी...' CBSE छात्रों को सुप्रीम कोर्ट से झटका, नहीं खुलेगी OSM वेरिफिकेशन विंडो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं