कोलंबियन पॉप स्टार शकीरा एक बार फिर फ़ुटब़ॉल वर्ल्ड कप के उद्घाटन समारोह की जान बन गईं. ‘वाका-वाका'-फ़ीफ़ा वर्ल्ड गीत से मशहूर होने वाली शकीरा ने मैक्सिको में 23वें वर्ल्ड कप से पहले फिर से धूम मचा दी. इस बार शकीरा का ‘दाई-दाई (Let's Go, come on!)' गीत सबकी ज़ुबान पर चढ़ने वाला है. घरेलू टीम ने मैच की शुरुआत से ही दक्षिण अफ़्रीका को बेहद कम मौक़े दिये. घरेलू दर्शक मैक्सिको के लिए 12वां खिलाड़ी बने रहे.
छूटते ही पहला गोल (1-0)
एक धमाकेदार और रंगारंग उद्घाटन समारोह के फ़ौरन बाद मैक्सिको सिटी में वर्ल्ड कप का पहला मैच शुरू होते ही स्ट्राइकर जुलियान किनिएनोस ने 9वें मिनट में ही गोल कर मैक्सिको को बढ़त दिला दी.
मैक्सिको के एज़टेका स्टेडियम में मौजूद 80,000 से ज़्यादा दर्शकों के शोर ने लगा कि दूसरे ग्रह तक आवाज़ पहुंचा दी है. दुनिया में 13वीं वर्ल्ड रैंकिंग वाली मैक्सिको टीम ने 61वीं वर्ल्ड रैंकिंग वाली दक्षिण अफ़्रीकी टीम पर दबाव बनाये रखा. पहले हाफ़ में मैक्सिको ने और भी मौक़े बनाये लेकिन स्कोर 1-0 ही रहा.
रोनाल्डो से ज़्यादा गोल करने वाले किनिएनोस
अंतर्राष्ट्रीय मैचों में दुनिया में सबसे ज़्यादा 143 गोल करने वाले रोनाल्डो ने इस सीज़न सऊदी अरब लीग में 28 गोल किये. वहीं मैक्सिको के 29 साल के जुलियान किनिएनोस भी सऊदी अरब प्रो-लीग में अल क़दसियाह क्लब के लिए खेलते हैं और इस सीज़न उन्होंने लीग में क्रिस्टियानो रोनाल्डो (अल नासिर क्लब) से 5 गोल ज़्यादा यानी 33 गोल किए. किनिएनोस ने सऊदी अरब लीग के 59 मैचों में 53 गोल किये हैं.
फ़ीफ़ा 2026 का पहला और 20 साल में सबसे तेज़ गोल
जुलियान किनिएनोस के 9वें मिनट का गोल 2006 के बाद वर्ल्ड कप का सबसे तेज़ गोल है. 2006 के जर्मनी में हुए वर्ल्ड कप में जर्मनी के फ़िलिप लाम ने छठे मिनट में ही कोस्टारिका के लिए गोल दाग दिया था.
द.अफ़्रीका को 2 रेड कार्ड
दूसरे हाफ़ में मैच के 49वें मिनट में दक्षिण अफ़्रीका के याया सिथोले ने पीछे से रोकने की कोशिश में मैक्सिको के ब्रायन गुटिरेज़ को गिराया और सिथोले को रेड कार्ड दिखा दिया गया. दक्षिण अफ़्रीका ने मैक्सिको के फ़्री किक को बचा तो लिया, लेकिन मैदान पर 10 खिलाड़ियों के साथ रह गई.
वर्ल्ड कप के ओपनिंग मैच में रेड कार्ड का ये रिकॉर्ड 32 साल (1994 वर्ल्ड कप के) बाद बना जिसे दक्षिण अफ़्रीकी टीम ज़रूर भूल जाना चाहेगी.
7 मिनट पहले दक्षिण अफ़्रीका को एक और कार्ड मिला (थेंबा ज़्वाने को रेड कार्ड) जिसका मतलब था कि आख़िरी 7 मिनट और इंजरी टाइम में उन्हें 9 खिलाड़ियों के साथ मज़बूत मैक्सिको का सामना करना था.
92वें मिनट में इस बार मैक्सिको के सेज़ार मोंटेस को रेड कार्ड मिला. अब दक्षिण अफ़्रीका के 9 खिलाड़ियों के सामने मैक्सिको के 10 खिलाड़ी टक्कर देने को मैदान पर रह गए.
हेडर के ज़रिये राउल जिमिनेज़ का गोल (2-0)
मुक़ाबले के दूसरे और तीसरे रेड कार्ड से पहले मैच के 67वें मिनट में रोबर्टो अल्वारोदो के दाहिने ओर से मिले पास पर चौथा वर्ल्ड कप खेल रहे 35 साल के स्ट्राइकर राउल जिमिनेज़ ने शानदार हेडर के ज़रिये लगभग मैच का नतीजा तय कर दिया. मैक्सिको अपने घरेलू मैदान पर 2-0 से आगे हो गया.
पहले मैच स्कोर:
मैक्सिको 2-0 द.अफ़्रीका
(मैक्सिको WR-13, द.अफ़्रीका WR-61)
गोल स्कोर:
पहला - 9वें मिनट में - जुलियान किनिएनोस
दूसरा - 67वें मिनट में - राउल जिमिनेज
यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: क्विनोनेस और जिमेनेज ने दागे गोल, मेक्सिको ने दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं