विज्ञापन

नीरज चोपड़ा पर होगी पैसों की बारिश! 'गोल्डन बॉय' को भारत लौटने पर कितना कैश मिलेगा?

नीरज चोपड़ा ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जैवलिन थ्रो फाइनल में 85.83 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया. नीरज के भारत आने पर उन्हें सरकार से नकद पुरस्कार भी मिलेगा.

नीरज चोपड़ा पर होगी पैसों की बारिश! 'गोल्डन बॉय' को भारत लौटने पर कितना कैश मिलेगा?
नीरज चोपड़ा
IANS

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के सुपरस्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है. ग्लासगो में खेले गए मेंस के जैवलिन थ्रो फाइनल में नीरज ने 85.83 मीटर के सीजन बेस्ट थ्रो के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया. भले ही वह 2018 का गोल्ड दोहरा नहीं सके, लेकिन उनके खाते में एक और बड़ा अंतरराष्ट्रीय पदक जुड़ गया. अब फैंस के मन में सवाल है कि भारत लौटने पर नीरज चोपड़ा को इस  मेडल के लिए भारत और राज्य सरकार से कितनी इनामी राशि मिलेगी.

नीरज चोपड़ा को खेल मंत्रालय से कितने रुपए मिलेंगे?

भारत सरकार की मेडल इंसेंटिव स्कीम के तहत अंतरराष्ट्रीय बहु-खेल प्रतियोगिताओं में मेडस जीतने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार दिया जाता है. इस नीति के अनुसार कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीतने पर खिलाड़ी को 20 लाख रुपये की नकद इनामी राशि मिलती है. वहीं गोल्ड जीतने पर 30 लाख रुपये और ब्रॉन्ज जीतने पर 10 लाख रुपये दिए जाते हैं.

नीरज चोपड़ा को हरियाणा सरकार भी देगी बड़ा इनाम

नीरज चोपड़ा हरियाणा से आते हैं और राज्य सरकार भी अपने खिलाड़ियों को शानदार इनाम देने के लिए जानी जाती है. रिपोर्ट्स के अनुसार, हरियाणा की खेल नीति के मुताबिक कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीतने पर 75 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है. यानी केंद्र और राज्य सरकार की इनामी राशि मिलाकर नीरज को करीब 95 लाख रुपये मिल सकते हैं. इसके अलावा अन्य संस्थाओं और प्रायोजकों की ओर से अलग सम्मान और पुरस्कार भी मिलने की संभावना रहती है.

सीजन बेस्ट थ्रो के बावजूद नहीं बचा सके खिताब

नीरज चोपड़ा ने फाइनल में 80.97 मीटर से शुरुआत की और दूसरे प्रयास में 85.83 मीटर का सीजन बेस्ट थ्रो किया. इसके बाद उनके थ्रो 81.29 और 80.73 मीटर रहे, जबकि आखिरी दो प्रयास फाउल रहे. हालांकि श्रीलंका के आर. टी. पाथिरागे ने 89.75 मीटर का गेम्स रिकॉर्ड बनाकर गोल्ड मेडल जीत लिया और नीरज को सिल्वर से संतोष करना पड़ा.

यशवीर सिंह ने भी दिलाया भारत को दूसरा पदक

भारत के लिए यह मुकाबला यादगार रहा क्योंकि राजस्थान के जयपुर के रहने वाले यशवीर सिंह ने 85.41 मीटर के व्यक्तिगत बेस्ट प्रदर्शन के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता. दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने एक ही इवेंट में पोडियम पर जगह बनाकर देश का गौरव बढ़ाया. 

नीरज का शानदार करियर और लंबा होता मेडल कलेक्शन

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का सिल्वर नीरज चोपड़ा के शानदार करियर का एक और बड़ा अध्याय है. उनके नाम अब ओलंपिक में गोल्ड और सिल्वर, विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड और सिल्वर, एशियाई खेलों में दो गोल्ड, डायमंड लीग फाइनल का गोल्ड और कॉमनवेल्थ गेम्स में एक गोल्ड तथा एक सिल्वर मेडल दर्ज हो चुका है. यही वजह है कि उन्हें भारतीय एथलेटिक्स का सबसे सफल जैवलिन थ्रोअर माना जाता है.

नीरज की जीत पर क्या बोलीं मां

पानीपत के 'गोल्डन बॉय' नीरज चोपड़ा के सिल्वर मेडल जीतने पर उनकी मां ने खुशी जाहिर की. नीरज की मां सरोज देवी कहती हैं, 'हम प्रार्थना करते हैं कि भगवान उन पर अपनी कृपा बनाए रखें और वह देश के लिए मेडल जीतते रहें और भारत का नाम रोशन करते रहें.'

ये भी पढ़िए- CWG 2026: घरवालों ने रोका, मैरी कॉम ने दिखाया रास्ता, दिलचस्प है पाकिस्तानी मेडलिस्ट की संघर्ष की कहानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Commonwealth Games 2026, Other Sports
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com