विज्ञापन
This Article is From Dec 20, 2016

शीना बोरा केस : राहुल मुखर्जी ने किया पिता पीटर मुखर्जी का बचाव, कहा - वह शामिल नहीं थे

शीना बोरा केस : राहुल मुखर्जी ने किया पिता पीटर मुखर्जी का बचाव, कहा - वह शामिल नहीं थे
पूर्व मीडिया बैरन पीटर मुखर्जी के बेटे राहुल मुखर्जी ने ट्विटर पर निर्दोष बताया है
मुंबई: सौतेली बेटी शीना बोरा की हत्या के मामले में जेल में बंद पूर्व मीडिया बैरन पीटर मुखर्जी को अपने बेटे और शीना के प्रेमी रहे राहुल मुखर्जी की ओऱ से समर्थन हासिल हुआ, और राहुल ने ट्वीट कर कहा है कि पीटर के खिलाफ आरोपों को रद्द कर दिया जाना चाहिए.

माइक्रो-ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर पर राहुल मुखर्जी ने लिखा, "पीटर के खिलाफ आरोप खत्म किए जाने चाहिए, तय नहीं... बिल्कुल साफ है कि वह शामिल नहीं थे..."
 
राहुल मुखर्जी के ताल्लुकात शीना बोरा के साथ थे, और अप्रैल, 2012 में शीना की मां इंद्राणी (पीटर की पत्नी) व दो अन्य लोगों ने कथित रूप से उसकी हत्या कर दी थी. इंद्राणी तथा पीटर कथित रूप से इस रिश्ते के (राहुल मुखर्जी व शीना बोरा के ताल्लुकात) खिलाफ थे.

इस सनसनीखेज़ हत्याकांड का पता पिछले साल तब चला, जब शीना के अधजले अवशेष मुंबई के निकट जंगल में बरामद हुए. इसके बाद इंद्राणी मुखर्जी, उसके ड्राइवर तथा उसके पहले पति संजीव खन्ना को गिरफ्तार कर लिया गया. टीवी चैनलों को दिए इंटरव्यू में पीटर मुखर्जी ने दावा किया कि उसे इंद्राणी के शीना से नाराज़ होने के बारे में जानकारी थी, लेकिन उसने कहा कि उसे इस बात का संदेह नहीं था कि उसकी हत्या कर दी गई है. बाद में पीटर को भी गिरफ्तार कर लिया गया.

इसी साल सामने आई फोन पर हुई बातचीत के कुछ हिस्सों से जानकारी मिली कि पीटर की किसी पिछली शादी से हुए बेटे राहुल मुखर्जी को लगता था कि शीना के गायब होने के बाद से पीटर तथा उसकी सौतेली मां इंद्राणी उससे कुछ छिपा रहे हैं.

राहुल मुखर्जी ने अपने, इंद्राणी तथा पीटर के बीच फोन पर हुई बातचीत के 18 टेप सीबीआई को सौंपे थे. राहुल को बार-बार बताया जा रहा था कि शीना ज़िन्दा है, और वह अपना पता किसी को नहीं देना चाहती. इनमें से एक कॉल में राहुल को यह आरोप लगाते सुना गया, "आप सोचते हैं, मैं इस पर यकीन कर लूंगा...?"

फोन पर हुई बातचीत के सामने आने के बाद मंगलवार को पहली बार राहुल ने ट्वीट कर अपने पिता का बचाव किया है. आरोप तय किए जाने को लेकर जारी बहस में सीबीआई ने सोमवार को कहा था कि शीना के उसके सौतेले भाई से ताल्लुकात ही उसकी हत्या की वजह बने. अभियोजकों ने कोर्ट से कहा कि इंद्राणी को इस बात की चिंता थी कि अगर शीना की शादी राहुल से हो गई, तो पीटर मुखर्जी की जायदाद भी शीना को मिल जाएगी.

जांच एजेंसी ने यह भी कहा कि पीटर मुखर्जी को हत्या के बारे में जानकारी थी, और उसने भी शीना के लापता होने को लेकर राहुल की चिंताओं के बाद कोई 'ढंग का' कदम नहीं उठाया.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
राहुल मुखर्जी, पीटर मुखर्जी, शीना बोरा हत्याकांड, शीना बोरा, शीना बोरा केस, Rahul Mukerjea, Peter Mukerjea, Sheena Bora Case, Sheena Bora Murder Case, Sheena Bora, इंद्राणी मुखर्जी, Indrani Mukerjea
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com