Qualcomm layoff 2026 : चिप बनाने वाली कंपनी Qualcomm ने दुनियाभर में कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है. इसमें भारत और अमेरिका में काम करने वाले कर्मचारियों पर भी गाज गिरने वाली है. कंपनी के CEO क्रिस्टियानो अमोन ने एक इंटरनल मैसेज में इसे परफॉरमेंस-फोकस्ड छंटनी बताया है. हालांकि, कंपनी ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि कुल कितने कर्मचारियों की नौकरी जाएगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में कुछ कर्मचारियों को नौकरी से हटाने के नोटिस मिल चुके हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि नौकरी जाने पर कर्मचारियों को कितना पैसा मिलेगा?
कितने कर्मचारियों की जाएगी नौकरी?
Qualcomm ने अभी तक छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों की फाइनल संख्या नहीं बताई है. पहले आई रिपोर्ट्स में भारत में करीब 1,000 कर्मचारियों की नौकरी जाने का अनुमान लगाया गया था. हालांकि, बाद की रिपोर्ट्स में यह संख्या इससे काफी कम होने की बात कही गई.सितंबर 2025 तक Qualcomm में दुनियाभर में करीब 52,000 कर्मचारी काम कर रहे थे. फिलहाल कंपनी ने छंटनी का अंतिम आंकड़ा सार्वजनिक नहीं किया है.
सेवरेंस पैकेज में कर्मचारियों को क्या-क्या मिलेगा?
Reddit पर नौकरी से निकाले गए कर्मचारियों की ओर से शेयर की गई जानकारी के मुताबिक, कंपनी के सेवरेंस पैकेज (Qualcomm Severance Package) में कई तरह के भुगतान शामिल हो सकते हैं. इसके तहत कर्मचारियों को दो हफ्ते की ग्रॉस सैलरी बेस सेवरेंस के तौर पर मिल सकती है. इसके अलावा, कंपनी में काम किए गए हर साल के बदले दो हफ्ते की एक्स्ट्रा सैलरी दी जा सकती है.अगर किसी कर्मचारी ने एक साल से कम काम किया है, तो उसके लिए भी प्रो-राटा बेस्ड पेमेंट मिलने की बात कही गई है. इसके साथ हेल्थ कवरेज के लिए एकमुश्त रकम भी मिल सकती है.हालांकि, ये बातें कर्मचारियों के ऑनलाइन शेयर किए गए अनुभवों के आधार पर हैं. असल भुगतान की शर्तें उनके सेवरेंस एग्रीमेंटपर ही तय होंगी.
जल्दी एग्रीमेंट साइन करने पर मिलेगी एक्स्ट्रा सैलरी?
सेवरेंस पैकेज में एक और खास बात सामने आई है. कुछ कर्मचारियों के मुताबिक, अगर वे तय समय के अंदर अपना एग्जिट एग्रीमेंट साइन कर देते हैं, तो उन्हें एक महीने की एक्स्ट्रा सैलरी मिल सकती है. बताया जा रहा है कि कुछ मामलों में इसके लिए दो दिन की डेडलाइन रखी गई है. हालांकि, एग्रीमेंट साइन करने से पहले उसकी सभी शर्तों को ध्यान से पढ़ना जरूरी है. कुछ कर्मचारियों ने ऐसे क्लॉज पर भी सवाल उठाए हैं, जिनके तहत कर्मचारी कंपनी के खिलाफ रोजगार से जुड़े कुछ दावों पर कानूनी कार्रवाई करने का अधिकार छोड़ सकते हैं. इसलिए किसी भी ऑनलाइन जानकारी के बजाय अपने एग्रीमेंट की शर्तों को समझना जरूरी है.
Qualcomm में छंटनी की ये है वजह
Qualcomm का स्मार्टफोन चिप बिजनेस दबाव में है. कमजोर कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स डिमांड और मेमोरी की बढ़ती कीमतों का असर स्मार्टफोन की बिक्री पर पड़ा है. कंपनी ने Apple से होने वाली कमाई में उम्मीद से ज्यादा तेजी से गिरावट आने की चेतावनी भी दी है.Reuters की ओर से देखे गए अक्टूबर के एक इंटरनल मेमो में CEO Cristiano Amon ने कहा था कि कंपनी अपनी परफॉर्मेंस कल्चर को मजबूत करना चाहती है. इसके तहत उन कर्मचारियों पर भी ध्यान दिया जा रहा है, जो लगातार तय उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं. कंपनी का कहना है कि छंटनी के फैसले बिजनेस की जरूरत, संगठन की जरूरतों और भविष्य में जरूरी स्किल्स को ध्यान में रखकर लिए जाएंगे. वहीं, Qualcomm AI इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सेंटर और ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी जैसे नए कारोबार में निवेश बढ़ा रही है, ताकि स्मार्टफोन बिजनेस पर निर्भरता कम की जा सके.
यह भी पढ़ें | मदर डेयरी का दूध ₹2 से ₹4 प्रति लीटर तक महंगा, टोंड से लेकर फुल क्रीम तक, देखें नई कीमतों की पूरी लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं