- अखिलेश यादव ने नोटबंदी को देश का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार बताते हुए इसके दावों को पूरी तरह खारिज किया
- सपा मुखिया ने कहा कि नोटबंदी ने गरीबों और छोटे कारोबारियों को सबसे ज्यादा आर्थिक नुकसान पहुंचाया
- वोटर लिस्ट से एक करोड़ 27 लाख से अधिक नाम हटाए जाने पर अखिलेश ने डिजिटल मतदान प्रणाली लागू करने की मांग की
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कई राजनीतिक मुद्दों पर बीजेपी को निशाने पर लिया. नोटबंदी की कथित बरसी को लेकर खजांची का जन्मदिन मनाते हुए उन्होंने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए. वहीं, वोटर लिस्ट से नाम कटने, कथित वोट चोरी, विपक्षी गठबंधन और अपने अयोध्या दौरे को लेकर भी खुलकर अपनी बात रखी. अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी को खजांची को गोद ले लेना चाहिए, लेकिन वैसा नहीं जैसा उसके सांसदों ने गांव गोद लिए थे.
नोटबंदी को लेकर बीजेपी पर हमला
नोटबंदी के दौरान पैदा हुए खजांची का जन्मदिन मनाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि नोटबंदी के समय सरकार की ओर से किए गए दावों में से एक भी दावा पूरा नहीं हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि नोटबंदी देश के इतिहास का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार साबित हुई. इस फैसले का सबसे ज्यादा नुकसान गरीबों और छोटे कारोबारियों को उठाना पड़ा. अखिलेश ने सवाल उठाया कि आखिर दो हजार रुपये का नोट बंद करने की जरूरत क्यों पड़ी? उन्होंने कहा कि नोटबंदी के नाम पर बैंकों को डुबाने का काम किया गया. सरकार ने जिस उद्देश्य के साथ नोटबंदी लागू की थी, उसका कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया. उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के दावे पर भी सवाल उठाए. अखिलेश के मुताबिक, विकसित भारत का दावा महज जुमला है और देश की अर्थव्यवस्था को लेकर सरकार के दावों तथा जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है.
वोटर लिस्ट से नाम कटने पर उठाए सवाल
वोटर लिस्ट से बड़ी संख्या में लोगों के नाम हटाए जाने के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि करीब एक करोड़ 27 लाख नाम कटने का आंकड़ा बताया जा रहा है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की ओर से इस संबंध में कई सुझाव दिए गए हैं, जिन पर अमल किया जाना चाहिए. अखिलेश ने मांग की कि वोटर लिस्ट को आधार से जोड़ा जाए और मतदान प्रक्रिया में डिजिटल तथा बायोमेट्रिक सिस्टम लागू किया जाए. उनका आरोप था कि बीजेपी ऐसा नहीं करना चाहती, क्योंकि उसे पता है कि राजनीतिक मुकाबला 80-20 का नहीं, बल्कि 95-5 का है.
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत लगाने की अपील की. अखिलेश ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने वोटर लिस्ट को ठीक से संभालने का काम किया है, लेकिन अब असली लड़ाई बूथ पर लड़नी होगी. हर कार्यकर्ता को अपना बूथ मजबूत करना होगा, ताकि वोट चोरी जैसी आशंकाओं को रोका जा सके. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन बीजेपी कार्यकर्ताओं के बारे में भी सोचना चाहिए, जिनकी अपनी ही सरकार में वोटर लिस्ट से नाम कट गए.
ये भी पढ़ें:- अखिलेश यादव ने किया अयोध्या को सनातन राजधानी बनाने का वादा, कहा- जमीन सौदों की होगी जांच, राशन में मिलेगा तेल-घी
ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर क्या बोले अखिलेश?
असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के बीच संभावित राजनीतिक गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने ज्यादा कुछ कहने से परहेज किया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के पक्ष में अपना मन बना चुकी है.
पोस्टर विवाद पर बोले- बीजेपी का पैसा खत्म हो गया क्या?
लखनऊ में अपने नाम और तस्वीर वाले पोस्टरों को लेकर भी अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, "लखनऊ में मुझे लेकर इतने पोस्टर लग रहे थे, अब नहीं लग रहे. ऐसा लग रहा है कि बीजेपी का पैसा खत्म हो गया." उन्होंने पोस्टरों के जरिए कहानी गढ़ने वालों को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनके पास कोई सबूत है तो सीसीटीवी फुटेज सामने लाएं. अखिलेश ने कहा कि ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.
ये भी पढ़ें:- योगी ने SIR में हिंदुओं के नाम कटने की बात कही तो अखिलेश यादव बोले- आधार कार्ड से जुड़े वोटिंग
अयोध्या दौरे पर अखिलेश का 'PDA' वाला बयान
अयोध्या दौरे को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि भगवान सबके हैं और अलग-अलग धर्मों में ईश्वर को याद करने के अलग-अलग रास्ते हैं. उन्होंने सवाल किया कि वह अयोध्या क्यों नहीं जाएंगे? अखिलेश ने कहा कि वह केदारेश्वर और वृंदावन भी जाएंगे तथा अन्य धार्मिक स्थलों पर भी दर्शन करेंगे. इस दौरान उन्होंने PDA का नया अर्थ बताते हुए कहा, "PDA यानी पहले दर्शन फिर आशीर्वाद." उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए पूछा कि आखिर पार्टी PDA से इतनी घबराई हुई क्यों है?
ये भी पढ़ें:- 'वोट बैंक की राजनीति करती है SP-कांग्रेस...', अखिलेश-सोनिया पर भड़के ब्रजेश पाठक, सनातन पांडे को भी दिए जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं