विज्ञापन

तारापुर एमआईडीसी में जहरीली गैस का रिसाव! 19 मजदूर अस्पताल में भर्ती, हालात नाजुक

तारापुर एमआईडीसी में आरती फार्मा लैब से डाइमिथाइल सल्फेट (DMS) गैस के रिसाव से 19 मजदूर बीमार पड़ गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कंपनी प्रबंधन पर मामले को छिपाने का आरोप लगाया है.

तारापुर एमआईडीसी में जहरीली गैस का रिसाव! 19 मजदूर अस्पताल में भर्ती, हालात नाजुक

Tarapur gas leak 2026: महाराष्ट्र के पालघर जिले के तारापुर एमआईडीसी में एक बार फिर खतरनाक लापरवाही सामने आई है. रविवार देर रात ‘आरती फार्मा लैब' में डाइमिथाइल सल्फेट (DMS) नामक जहरीले रसायन का रिसाव हुआ, जिसके बाद 19 मजदूरों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. सभी को तुरंत लाइफ लाइन अस्पताल में भर्ती कराया गया. स्थानीय लोगों और श्रमिकों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन घटना को दबाने की कोशिश कर रहा था.

पालघर से मनोज सातवी की रिपोर्ट...

गैस रिसाव की घटना

बोईसर स्थित आरती फार्मा लैब में देर रात एक रिएक्टर से अचानक ‘डाइमिथाइल सल्फेट' का रिसाव शुरू हो गया. यह रसायन बेहद खतरनाक माना जाता है और इसके संपर्क में आने पर सांस लेने में परेशानी, सिरदर्द और शरीर में जलन जैसे गंभीर लक्षण दिखाई देते हैं.

मजदूरों की बिगड़ी हालत

गैस लीक होते ही शिफ्ट में काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए. कुछ ही मिनटों में कई कर्मियों को घबराहट, उलझन और सांस लेने में तकलीफ़ होने लगी. इसके बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.

अस्पताल में भर्ती मजदूर

लाइफ लाइन अस्पताल में भर्ती सभी 19 मजदूरों की पहचान कर ली गई है. उनके नाम सुमित कुमार, विकास कुमार, संतोष मुले, हेमंत बदाने, अक्षय पाटिल, मनोज राय, स्वप्निल तारे, निलेश शिर्डगे, पंकज गौतम, जितेश भोई, आशीष दुबे, अजय पांडे, अजय यादव, अभिवाश शाहू, ओमकार तांडेकर, मितलेश पनालम, निकेश ओझा, चुन्‍नू कुमार, नितिन चौधरी हैं.

कंपनी प्रबंधन पर सवाल

स्थानीय लोगों और कुछ कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि प्रबंधन ने शुरुआत में गैस रिसाव की जानकारी छुपाई और घटना को छोटा दिखाने की कोशिश की. उनका कहना है कि अगर समय रहते सही कदम उठाए जाते तो मजदूरों की हालत इतनी गंभीर नहीं होती. इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है. मजदूरों के परिजन और सामाजिक संगठन जल्द से जल्द जांच शुरू करने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com