- उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र में शिवसेना (यूबीटी) के लिए एक बड़े आध्यात्मिक और राजनीतिक अभियान की योजना बनाई है
- इस अभियान के तहत पूरे महाराष्ट्र के प्रमुख राम और हनुमान मंदिरों में रामरक्षा महाआरती का आयोजन किया जाएगा
- अभियान की शुरुआत मुंबई के दादर इलाके स्थित पुरातन वटवृक्ष श्री हनुमान मंदिर से होगी
महाराष्ट्र में शिवसेना (यूबीटी) के नौ में से छह सांसदों के टूटने के बाद, अब उद्धव बालासाहेब ठाकरे 'भगवान की शरण' में जाने की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने राज्य स्तर पर एक बड़े आध्यात्मिक और राजनीतिक अभियान का खाका तैयार किया है. शिवसेना (यूबीटी) के मुताबिक, अब पूरे महाराष्ट्र के सभी प्रमुख राम और हनुमान मंदिरों में 'रामरक्षा महाआरती' का भव्य आयोजन किया जाएगा.
दादर से होगी अभियान की शुरुआत
शिवसेना (यूबीटी) के इस राज्यव्यापी धार्मिक और सांस्कृतिक आंदोलन का शंखनाद देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के दादर इलाके से होने जा रहा है, और सोशल मीडिया पर भी पार्टी की ओर से इसका ज़ोर-शोर से प्रचार किया जा रहा है.

रामरक्षा महाआरती कार्यक्रम
इस महा-अभियान के तहत सबसे पहली महाआरती का आयोजन एन. सी. केलकर मार्ग, दादर स्थित पुरातन वटवृक्ष श्री हनुमान मंदिर में किया जाएगा. दादर (पश्चिम) के इसी हनुमान मंदिर में उद्धव बालासाहेब ठाकरे और आदित्य ठाकरे समेत शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय शिवसैनिकों की भारी मौजूदगी में 'रामरक्षा महाआरती' संपन्न होगी.
पूरे राज्य में गूंजेंगी महाआरतियां
दादर (पश्चिम) में होने वाले इस पहले भव्य आयोजन के बाद, शिवसेना (यूबीटी) इस अभियान को महाराष्ट्र के कोने-कोने में ले जाएगी. पार्टी का लक्ष्य राज्य के सभी जिलों, तहसीलों और प्रमुख कस्बों में स्थित राम और हनुमान मंदिरों में सिलसिलेवार ढंग से इस महाआरती का आयोजन करना है, ताकि जमीनी स्तर पर जनता और कार्यकर्ताओं को एक बार फिर एकजुट किया जा सके.
गौरतलब है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में राज्य की सत्ता से बाहर होने के बाद शिवसेना (यूबीटी) ने लोकसभा चुनाव में 9 सीटें जीती थीं. अब साल 2026 में शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों ने पार्टी से बगावत कर दी और वे शिंदे गुट में शामिल हो गए हैं. उसके शिवसेना यूबीटी के वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली पहुंचकर लोकसभा स्पीकर से मुलाकात की और मांग की कि उनकी पार्टी से टूटकर आने वाले सांसदों के अलग गुट को मान्यता नहीं दी जाए.
यह भी पढ़ें-'हम एक दूसरे के दुश्मन नहीं हैं...', एक ही फ्लाइट में सफर करते दिखे देवेंद्र फडणवीस और उद्धव ठाकरे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं