विज्ञापन

 "तू मेरी नहीं तो किसी की नहीं होने दूंगा"; पुणे में लिवइन से नाराज सनकी ने युवती और उसके दोस्त पर फेंका था एसिड

Pune Acid Attack: पुणे के ताड़ीवाला रोड पर लिवइन रिलेशनशिप से नाराज एक सिरफिरे आशिक ने युवती और उसके दोस्त पर एसिड से हमला कर दिया. वारदात को अंजाम देकर फरार हुए आरोपी श्रीराम सरुनवर को पुणे क्राइम ब्रांच ने कर्नाटक से धर दबोचा है.

 "तू मेरी नहीं तो किसी की नहीं होने दूंगा"; पुणे में लिवइन से नाराज सनकी ने युवती और उसके दोस्त पर फेंका था एसिड
 "तू मेरी नहीं तो किसी की नहीं होने दूंगा"; पुणे में लिवइन से नाराज सनकी ने युवती और उसके दोस्त पर फेंका था एसिड
Ajinkya Patil

Pune Accid Attack Accused: महाराष्ट्र (Maharashtra) के पुणे (Pune) शहर में एक युवती और उसके दोस्त पर तेजाब (एसिड) फेंकने (Accid Attacks) वाले आरोपी को पुलिस ने कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया है. दरअसल, इस जानलेवा हमले में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए थे. वारदात के बाद से ही पुलिस आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही थी, जिसे अब पुणे पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पड़ोसी राज्य कर्नाटक से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है.

यह पूरी घटना पुणे के ताड़ीवाला रोड इलाके की है. जहां 21 वर्षीय पीड़ित युवती और उसका दोस्त पुणे के एक होटल में काम करते थे. हमेशा की तरह 20 मई की रात (बुधवार तड़के) करीब 2 बजे दोनों अपना काम खत्म करके घर की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान पहले से ही रास्ते में घात लगाकर बैठे आरोपी ने उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.

 "मेरी नहीं हुई, तो किसी की नहीं होने दूंगा"

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 20 वर्षीय श्रीराम मधु सरुनवर के रूप में हुई है. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी इस बात से बेहद नाराज था कि युवती उसके साथ न रहकर अपने दोस्त के साथ लिवइन रिलेशनशिप में रह रही थी. इसी गुस्से और ईर्ष्या में उसने दोनों पर हमला किया. रास्ते में रोककर आरोपी चिल्लाया, "तुम मेरे साथ क्यों नहीं रहती? अगर तुम मेरी नहीं हुई, तो मैं तुम्हें किसी और की भी नहीं होने दूंगा."

प्लास्टिक कैन से उड़ेल दिया तेजाब

इससे पहले कि पीड़ित युवती या उसका दोस्त संभल पाते, आरोपी श्रीराम ने अपने पास छिपाकर रखे एक प्लास्टिक की कैन से 'एसिड' जैसा बेहद तीव्र ज्वलनशील रासायनिक पदार्थ उन पर उड़ेल दिया. इस अचानक हुए हमले में केमिकल युवती की गर्दन, पीठ और दोनों पैरों पर जा गिरा, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई. जब उसके दोस्त ने बीच बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उस पर भी तेजाब फेंक दिया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोटें आई गई.

यह भी पढ़ें- Bandra Bulldozer Action: बांद्रा डिमोलिशन के दौरान भारी बवाल, पत्थरबाजी मामले में अब तक 16 गिरफ्तार

शहर के बीचो बीच हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और दहशत का माहौल पैदा हो गया. वहीं, वारदात को अंजाम देकर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुणे पुलिस की क्राइम ब्रांच तुरंत हरकत में आई. पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण (Technical Analysis) और सर्विलांस की मदद से आरोपी का सुराग लगाया. आरोपी की लोकेशन ट्रैक करते हुए पुलिस टीम ने सीधे कर्नाटक में दबिश दी और उसे दबोच लिया. फिलहाल, पीड़िता की शिकायत पर बंडगार्डन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. 

यह भी पढ़ें- NEET पेपर लीक: 10 छात्रों से करोड़ों के टर्नओवर तक कैसे पहुंचा आरोपी “शिवराज मोटेगावकर”?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pune Acid Attack, Pune Acid Attack Accused, Pune News, Maharashtra News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com