मुंबई में स्टैंड-अप कॉमेडी शो से शुरू हुआ विवाद अब कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई में बदल चुका है. महाराष्ट्र साइबर सेल के सामने पेश होकर स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे और डॉ. सेजल पवार ने अपने बयान दर्ज कराए. सूत्रों के मुताबिक, साइबर अधिकारियों ने दोनों से करीब 8 घंटे से ज्यादा समय तक कड़ी पूछताछ की.
प्रणीत ने जांचकर्ताओं को बताया कि वायरल वीडियो लगभग तीन महीने पुराने एक शो का हिस्सा था. उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए बार-बार माफी मांगी और कहा कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि यह मामला इतना बड़ा रूप ले लेगा. पुलिस ने प्रणीत का मोबाइल फोन जब्त कर उनके पुराने शोज़ के वीडियो हासिल कर लिए हैं.
डॉ. सेजल पवार ने भी माना कि शो के दौरान इस्तेमाल की गई भाषा अनुचित थी. उन्होंने अपनी हरकतों पर गहरा दुख और पछतावा व्यक्त किया. साइबर सेल ने जांच के दायरे को बढ़ाते हुए सेजल का फोन भी फॉरेंसिक एग्जामिनेशन के लिए अपने कब्जे में ले लिया है. दोनों को अगले हफ्ते दोबारा पेश होने का निर्देश दिया गया है.
KEM मेडिकल कॉलेज का बड़ा एक्शन, सेजल की कैंपस एंट्री बैन
इस विवाद का सबसे बड़ा असर डॉ. सेजल पवार के करियर पर पड़ा है. किंग एडवर्ड मेमोरियल मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सेजल को 15 दिनों की अनिवार्य छुट्टी पर भेज दिया है. शुरुआती जांच में वीडियो में दिख रही महिला के सेजल पवार होने की पुष्टि के बाद कॉलेज ने कहा कि उनके द्वारा की गई बातें पहली नजर में पूरी तरह अनुचित और अस्वीकार्य हैं. अगले आदेश तक सेजल पवार के KEM हॉस्पिटल कैंपस, मेडिकल कॉलेज और हॉस्टल में प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. वह कॉलेज की किसी भी शैक्षणिक या अन्य गतिविधियों में हिस्सा नहीं ले सकेंगी.
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
इस पूरे विवाद की जड़ दो अलग-अलग वायरल वीडियो क्लिप्स हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया पर भारी आक्रोश पैदा किया. विवाद की शुरुआत गुरुग्राम में प्रणीत मोरे के एक शो से हुई. वहां हिमांशु नाम के एक युवक ने महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला बेहद भद्दा और शर्मनाक बयान दिया. इस बयान पर प्रणीत और वहां मौजूद दर्शक हंसते नजर आए. भारी नाराजगी के बाद हिमांशु को उसकी कंपनी ने नौकरी से निकाल दिया था.
इसके बाद प्रणीत मोरे के एक और शो की क्लिप वायरल हुई, जिसमें डॉ. सेजल पवार नजर आ रही थीं. वीडियो में उन्होंने ऑर्गन डोनेशन (अंगदान) और शवों को लेकर बेहद संवेदनशील और आपत्तिजनक बातें कहीं. मेडिकल प्रोफेशन से जुड़े व्यक्ति द्वारा ऐसी बातें किए जाने पर लोगों का गुस्सा भड़क गया, जिसके बाद यह मामला साइबर सेल तक पहुंच गया.
यह भी पढ़ें- ₹370 बिरयानी मामला: डॉ. सेजल पवार की बढ़ी मुश्किलें, पहले FIR हुई, अब KEM मेडिकल कॉलेज ने भी लिया एक्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं