- महाराष्ट्र में SIR अभियान के तहत 1.8 करोड़ मतदाताओं का कोई सुराग नहीं मिला है.
- एसआईआर से प्रभावित मतदाताओं में अकेले मुंबई में 30 लाख वोटर शामिल हैं.
- ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 24 अगस्त और फाइनल लिस्ट 27 अक्टूबर को जारी होगी.
महाराष्ट्र में मतदाता सूची के SIR यानी विशेष सघन पुनरीक्षण अभियान के तहत एक अहम आंकड़ा सामने आया है. सूबे में करीब 1.8 करोड़ और अकेले मुंबई में 30 लाख मतदाताओं का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. इनके फॉर्म 'अनकलेक्टेड' कैटेगरी में हैं. अगर समय रहते इनका पता नहीं चलता है, तो ड्राफ्ट मतदाता सूची से इनके नाम हटाए जा सकते हैं.
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोक्कलिंगम ने बताया कि इन लापता मतदाताओं को 'अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या डुप्लिकेट' ASDD की सूची में डालकर जिला वेबसाइटों पर सार्वजनिक कर दिया गया है. आम नागरिक और राजनीतिक दल वेबसाइट पर नामों की जांच कर सकते हैं.
किन इलाकों में ज्यादा असर?
मुंबई में कुल मतदाताओं का 29.6% हिस्सा लापता है. इनमें सबसे ज्यादा सायन-कोलीवाड़ा (43.2%), मानखुर्द-शिवाजी नगर (42.2%), वर्ली (40.4%) और मालाबार हिल (39.8%) इलाके में रहने वाले लोगों के नाम हटाए जाए सकते हैं. इमारतों का पुनर्विकास और एक जगह से दूसरी जगह पलायन इसका मुख्य कारण माना जा रहा है.
24 अगस्त को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पब्लिश की जाएगी. इसके बाद 23 सितंबर तक आपत्तियां और सुझाव स्वीकार किए जाएंगे. इस दौरान लोग लिस्ट में अपना नाम जोड़ने, हटाने या पते में बदलाव के लिए आवेदन कर सकते हैं. 18 साल के नए युवा भी रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे. सभी आपत्तियों और सुधारों के बाद, फाइनल वोटर लिस्ट 27 अक्टूबर को पब्लिश की जाएगी.
18 फीसदी वोटर्स लापता!
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी एस. चोकालिंगम ने बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "आंकड़ों से पता चलता है कि 7,60,98,153 मतदाताओं यानी 77.77 प्रतिशत की जानकारी को डिजिटाइज कर लिया गया था, जबकि 9,69,54,766 मतदाताओं यानी 99.08 प्रतिशत को वितरण के दायरे में शामिल किया गया था. राज्य के कुल 9,78,54,049 मतदाताओं में से 1,80,60,697 मतदाताओं यानी 18.46 प्रतिशत की जानकारी कलेक्ट नहीं की जा सकी है."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं